श्रावस्ती : कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी में वीडियों कांफ्रेंसिंग के दौरान मौजूद श्रावस्ती विधायक व
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। जल शक्ति विभाग के अंतर्गत सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग नहरों के पुल व पुलिया का जीर्णोद्धार व नवनिर्माण कराएगा। इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों की नहरों पर होने वाले 28 पुल व पुलिया के जीर्णोद्धार और नवनिर्माण कार्यों के महा अभियान का शुभारंभ लखनऊ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया है।
कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद श्रावस्ती विधायक राम फेरन पांडेय ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की तमाम समस्याओं के निराकरण के लिए प्रदेश सरकार प्रयत्नशील है। ग्रामीण क्षेत्रों में नहर, माइनर व कुलाबों पर कहीं पुल व पुलियां का अभाव है तो कहीं पर पूर्व से मौजूद पुल व पुलिया क्षतिग्रस्त हैं। जिनकी मरम्मत के लिए मुख्यमंत्री की ओर से विशेष महा अभियान शुरू किया गया है। सरकार के इस निर्णय से जहां पुराने पुल-पुलिया का जीर्णोद्धार होगा। वहीं, आवश्यकता अनुसार नए पुल व पुलिया का निर्माण भी होगा। इससे ग्रामीण जनता को आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही उनका आवागमन सुरक्षित व सुगम हो जाएगा।
जिलाधिकारी टीके शिबुु ने कहा कि विधायक एवं ग्रामीणों से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर जिले में 28 पुल-पुलिया का जीर्णोद्धार एवं नवनिर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता परक एवं मानक के अनुरूप कराया जाएगा। इसके लिए संबंधित अधिकारी को सख्त निर्देश दिए गए हैं। गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। वहीं, मौके पर मौजूद अधिशासी अभियंता चित्तौड़गढ़ निर्माण खंड बलरामपुर संतोष कुमार एवं अधिशासी अभियंता सरयू नहर खंड-1 बलरामपुर के आरके वर्ण को डीएम ने निर्देश दिए हैं कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार सभी पुल व पुलिया का जीर्णोद्धार एवं नवनिर्माण कार्यों का शुभारंभ संबंधित विधानसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के माध्यम से तत्काल प्रभाव से करना सुनिश्चित कराया जाए। जिससे आमजन को इसका सीधा लाभ मिल सके। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान अधिशासी अभियंता सरयू नहर खंड-6 अजय कुमार आदि मौजूद रहे।