केंद्र के बाहर लगी सूची से अपना रोल नंबर खोजते अभ्यर्थी।- संवाद
श्रावस्ती। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से अलक्षेंद्र इंटर कॉलेज भिनगा में तीन दिवसीय आरक्षी भर्ती परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा के तीसरे दिन बुधवार को 717 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 242 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा के तीसरे दिन पंजीकृत 960 अभ्यर्थियों में से 717 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए।
परीक्षा के प्रथम पाली में 480 में से 363 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। इसी तरह से द्वितीय पाली में 480 में से 354 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों को त्रिस्तरीय सुरक्षा चक्र से गुजरना पड़ा। परीक्षा के दौरान केंद्र के बाहर ही पुलिसकर्मी अभ्यर्थियों से पूछताछ कर उन्हें सूची से रोल नंबर खोजने में मदद करते दिखे।
बलरामपुर से परीक्षा देने आई वंदना वर्मा ने बताया कि प्रश्नपत्र काफी कठिन बनाया गया है। इससे उनके कुछ सवाल छूट गए। यहीं की खुशबू ने बताया कि उन्होंने सभी प्रश्न हल कर लिए हैं, लेकिन कुछ प्रश्न के उत्तर में दुविधा लग रही है। निशा ने बताया कि प्रश्न तो सभी हल हो गए हैं। फिर भी कुछ प्रश्न ऐसे थे, जिनकी तैयारी नहीं हो सकी थी। अब परीक्षा परिणाम का इंतजार है। निगेटिव मार्किंग न होने से सभी सवालों को हल किया गया है।
आरक्षी भर्ती परीक्षा के दौरान एएसपी चन्द्रकेश सिंह, सीओ भिनगा भरत पासवान व आलोक कुमार सिंह ने परीक्षा केंद्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा। इस दौरान उन्होंने अभिभावकों को केंद्र से दूर रहने की हिदायत दी। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को परीक्षा छूटने तक किसी को केंद्र के आसपास न आने देने का निर्देश दिया।