श्रावस्ती। वैश्विक महामारी कोरोना के कारण मार्च से देश में संपूर्ण लॉकडाउन कर दिया गया था। इससे न सिर्फ बच्चों की पढ़ाई बाधित हुई, बल्कि उनके अभिभावकों के सामने भी आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया। ऐसे में जिले के 22 वित्त विहीन विद्यालयों के प्रबंधकों ने छात्र छात्राओं का तीन माह का शिक्षण शुल्क माफ कर दिया है। इसकी सूचना बुधवार को विद्यालय प्रबंधकों ने पत्र के माध्यम से बीएसए व अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को दी है।
वैश्विक महामारी कोरोना के संकट के बादल भले ही अभी न छटे हों, लेकिन इस बीच छात्र छात्राओं व उनके अभिभावकों के लिए राहत भरी खबर है। जिले के 22 वित्त विहीन विद्यालयों के प्रबंधकों ने अपने अपने विद्यालयों में शिक्षणरत छात्र छात्राओं का अप्रैल, मई व जून का शिक्षण शुल्क माफ कर दिया है। इसकी सूचना बुधवार को विद्यालय प्रबंधकों ने पत्र के माध्यम से बीएसए ओमकार राणा व अतिरिक्त मजिस्ट्रेट जेपी बाबू को दी है।
बीएसए को सौंपे पत्र में विद्यालय प्रबंधकों ने कहा है कि कोविड 19 के कारण अभिभावकों के सामने आर्थिक संकट हो गया है। जिसे देखते हुए जिले के 22 विद्यालयों के प्रबंधकों ने एक मत होकर अपने यहां छात्र छात्राओं का तीन माह का शिक्षण शुल्क माफ करने का निर्णय लिया है। हम सबने शैक्षिक उन्नयन के लिए इसे महत्वपूर्ण माना है।
फीस माफ करने वाले स्कूलों में मोहित सरस्वती बाल मंदिर जूनियर हाईस्कूल इकौना, शिव सत्या पब्लिक स्कूल रामपुर बनकटी, महर्षि अरविंद शिक्षण संस्थान जूनियर हाईस्कूल इकौना देहात, अंबुज सरस्वती ज्ञान मंदिर इकौना, डान वास्को पब्लिक स्कूल इकौना, ब्राइट वे जूनियर हाईस्कूल इकौना, बाबा ब्रह्म देव ग्रामीण जामवंती बालिका विद्यालय महदेइया इकौना, माया देवी पब्लिक स्कूल लालबोझी इकौना, मिश्रा शिक्षण संस्थान चेतिया कालोनी, सनबींस पब्लिक स्कूल गिलौला शामिल हैं।
इसके साथ केयर नर्सरी पब्लिक स्कूल गिलौला, एसएसएम चाइल्ड एजूकेशन इंगलिस स्कूल गिलौला, शांती देवी प्राथमिक विद्यालय भरथा कला सिरसिया, सतगुरु साई नाथ एसपी पब्लिक स्कूल सेमरी चौराहा, लिटिल लाइट प्री एजूकेशनल स्कूल बगुरइयां, श्री काशीराम आदर्श प्राथमिक विद्यालय सुल्तान जोत चहलवा, रुद्रसेन चौधरी अनुसूचित जाति बाल शिक्षा सदन पतिझिया, ज्ञान ज्योति विद्यापीठ बनघुसरा, श्री राधा कृष्ण ज्ञान ज्योति प्राथमिक विद्यालय मदरहवा, हिना एकेडमी प्राथमिक विद्यालय भिनगा, जेडीबी संतकबीर जूनियर हाईस्कूल भिनगा व एपीएम सनराज लघु माध्यमिक विद्यालय भिनगा ने भी बच्चों की फीस माफ की है।