श्रावस्ती। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जिले में सभी विभागों में मतदाता जागरूकता मंच के गठन का निर्देश दिया गया था।
इसके अनुपालन में जिला प्रशासन ने सभी विभागों में मंच का गठन कर दिया है। जहां तैनात विभागाध्यक्ष व कर्मचारी नैतिक मतदान को बढ़ावा देंगे।
जिले में मौजूद सभी विभागों में बुधवार को मतदाता जागरूकता मंच का गठन किया गया। इसके साथ विभागाध्यक्षों व कर्मचारियों को नैतिक मतदान को बढ़ावा देने का निर्देश दिया गया है।
अधिकारी व कर्मचारियों को सरकारी व गैर सरकारी संगठनों एवं कार्यालयों में मतदाता जागरूकता के संबंध में कार्यक्रमों के आयोजनों का निर्देश दिया गया है।
इनका लिया जाएगा सहयोग
चुनाव में वोटिंग प्रतिशत बढ़ाने के लिए मतदाता जागरूकता मंच का गठन किया गया है। जहां तैनात अधिकारी व कर्मचारी लोगों को मतदान करने के लिए जागरूक करेंगे।
इसमें सरकारी व गैर सरकारी संगठनों सहित शैक्षिक व अन्य संस्थाओं का भी सहयोग लिया जाएगा। इसके तहत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे।
सभी गतिविधियों के संचालन के लिए नोडल कार्यकर्ता भी नामित किए जाएंगे।
- योगानंद पांडेय, उप जिला निर्वाचन अधिकारी व एडीएम
यह होंगे कार्यक्रम
मतदाता जागरूकता मंच के माध्यम से सभी कार्यालयों में विभिन्न गतिविधियां कराई जाएंगी। इसके साथ ही 25 जनवरी को नवें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर सभी कर्मचारी मतदान की शपथ लेंगे।
मतदाता जागरूकता से संबधित क्विज प्रतियोगिता होगी। विभिन्न खेलों के माध्यम से कर्मचारियों में जागरूकता का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
- दीपक मीणा, जिला निर्वाचन अधिकारी/ डीएम