श्रावस्ती। वर्गावर्गी निवासी एक गर्भवती की गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे विवाहिता के मायके वालों ने ससुरालीजनों पर हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया। साथ ही जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भराकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मौत का कारण आत्महत्या मान रही है।
भिनगा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जौगढ़ निवासी हसन खां ने अपनी पुत्री वाफिया (24) का विवाह पांच वर्ष पूर्व कोतवाली क्षेत्र के ही वर्गीवर्गा निवासी सिरोज खां से किया था। वाफिया के एक तीन वर्ष की बेटी है। इस समय वाफिया गर्भवती थी। गुरुवार को वाफिया का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर में लगे कुंडे में फंदे से लटका मिला। ससुरालीजनों ने इसकी सूचना मायके वालों को देते हुए वाफिया की ओर से आत्महत्या करने की बात बताई।
मौके पर पहुंचे वाफिया के पिता हसन खां ने पुत्री की हत्या कर शव को फंदे से लटकाने की आशंका जताते हुए कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची भिनगा कोतवाली पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाया। पंचनामा भरा कर पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया। इस बारे में प्रभारी निरीक्षक भिनगा बीके सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।