गिलौला (श्रावस्ती)। बौद्ध परिपथ पर घने कोहरे के कारण शुक्रवार देर रात गिलौला पेट्रोल पंप के निकट तेज रफ्तार बुलेरो ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। इसमें बुलेरो सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि परिवार के ही चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। ये लोग गौरा थाना क्षेत्र के मोतीपुर कुड़ोहा से बुजुर्ग महिला का इलज कराने किराए के वाहन से बहराइच जा रहे थे। मौके पर पहुंची गिलौला पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं लाश को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया गया है।
बलरामपुर जिले के थाना गौरा अंतर्गत ग्राम मोतीपुर कूड़ोहा निवासी राजेंद्र प्रसाद पांडे की मां मुन्नी देवी (65) का पैर टूट गया था। जिनका इलाज कराने के लिए शुक्रवार को राजेंद्र प्रसाद किराए की बोलोरो से बहराइच ले जा रहे थे। इस दौरान बुलेरो पर उसके साथ उसकी पत्नी मीना व बहन बलरामपुर के ही तुलसीपुर थाना क्षेत्र के रामलीला मैदान पुरानी बाजार तुलसीपुर निवासिनी कांति देवी (32) पत्नी उमाकांत मिश्रा व चालक बलरामपुर के ही थाना कोतवाली देहात अंतर्गत कालीस्थान निवासी बाबू गिरी पुत्र श्याम गिरी भी था। जैसे ही चालक बुलेरो लेकर बौद्ध परिपथ स्थित गिलौला थाना क्षेत्र के पेट्रोल पंप पहुंचा। घने कोहरे के कारण सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ा। इसमें कांती देवी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चालक बाबू गिरी सहित राजेंद्र, उसकी मां मुन्नी देवी व पत्नी मीना पांडे गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके पर वाहन छोड़ कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची गिलौला पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गिलौला में भर्ती कराया। जहां घायलों की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल बहराइच रेफर कर दिया। पुलिस ने राजेंद्र प्रसाद के पुत्र प्रदीप कुमार की तहरीर पर अज्ञात चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लाश को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। वहीं पुलिस द्वारा ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया गया है।