गिलौला (श्रावस्ती)। घर से सामान लेने के लिए सोमवार शाम पिता के पास दुकान जा रही गिलौला निवासी बालिका संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। गुमशुदगी दर्ज होने के बाद भी गिलौला पुलिस बालिका को तलाश नहीं सकी। शनिवार को शिवबालकपुरवा स्थित नहर में बालिका का शव उतराता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिवारीजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
गिलौला कस्बा निवासी सुनील कुमार पटवा पुत्र रामअचल कस्बे में ही किराने की दुकान करता है। सोमवार को उसकी पुत्री स्नेहा पटवा (9) सामान लेने के लिए घर से दुकान जाने को निकली थी। देर शाम तक स्नेहा न तो घर लौटी और न ही दुकान पहुंची। रात आठ बजे दुकान बंद कर घर पहुंचे सुनील और परिवारीजनों को स्नेहा के लापता होने की जानकारी हुई। इस पर सुनील ने आसपास के लोगों के साथ मिल कर स्नेहा की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता न चला। इस पर सुनील ने गिलौला थाने में स्नेहा की गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया गया। इसके बावजूद पुलिस स्नेहा की तलाश नहीं कर सकी। शनिवार सुबह शिवबालक पुरवा निवासी कुछ ग्रामीणों को गांव किनारे नहर में एक बालिका का शव उतराता दिखा। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची गिलौला पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाया। मौके पर पहुंचे सुनील व परिवारीजनों ने उसकी शिनाख्त स्नेहा के रूप में की। परिवारीजनों ने पुत्री की हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है। परिवारीजनों ने मौके पर बिना उच्चाधिकारियों के आए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने से इन्कार कर दिया। इसके बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम इकौना सत्य प्रकाश वर्मा, सीओ श्रेयश त्रिपाठी व श्रावस्ती विधायक रामफेरन पांडेय ने परिवारीजनों को समझा बुझा कर शांत कराया। इस बारे में सीओ इकौना श्रेयश त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। गिलौला पुलिस को तीन दिन में घटना का खुलासा करने का निर्देश दिया गया है।