निमोनिया व दिमागी बुखार से बचाव को टीकाकरण
विभाग की ओर से जारी नहीं वैक्सीन सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंची
श्रावस्ती। नवजात को निमोनिया व दिमागी बुखार से बचाने के लिए शनिवार को टीकाकरण अभियान शुरू किया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिला चिकित्सालय में आयोजित कार्यक्रम का विधायक डुमरियागंज व डीएम ने शुभारंभ किया। विभाग की ओर से जारी की गई नई न्यूमोकोकल वैक्सीन नवजात को नौ माह के अंदर तीन बार लगाई जानी है।
निमोनिया व दिमागी बुखार से बचाने के लिए नवजात बच्चों को अब मात्र एक न्यूमोकोकल वैैक्सीन लगाई जानी है। इस वैक्सीन से शनिवार को जिले में टीकाकरण शुरू हुआ है। संयुक्त जिला चिकित्सालय में आयोजन कार्यक्रम में विधायक डुमरियागंज राघवेंद्र प्रताप सिंह की मौजूदगी में बच्चों को टीके लगाए गए। सीएमएस डॉ. वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि इस तरह का यह पहला वैक्सीन है। यह वैक्सीन नवजात को डेढ़ माह, इसके बाद साढ़े तीन माह व आखिरी नौवें महीने में लगना है। वैक्सीन निशुल्क तथा जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध है। डीएम दीपक मीणा ने कहा कि यह वैक्सीन शिशु मृत्यु दर में कमी लाएगी। डिप्टी सीएमओ डॉ. मुकेश मातन हेलिया ने बताया कि यह सबसे सुरक्षित वैक्सीन है। लगने के बाद नवजात को दर्द लगभग न के बराबर होता है। इस दौरान सांसद दद्दन मिश्रा, श्रावस्ती विधायक रामफेरन पांडे सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।