श्रावस्ती। खसरा रूबैला टीकाकरण अभियान के सफल संचालन से श्रावस्ती प्रदेश में पहले स्थान पर पहुंच गया। इसके लिए शासन ने जिले को स्मृति चिन्ह व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया है। प्रदेश में दूसरे स्थान पर गौतमबुद्धनगर व तीसरे स्थान पर देवरिया जिला रहा।
यह अभियान पूरे प्रदेश में 26 नवंबर से 9 जनवरी तक एक साथ चलाया गया था। इस दौरान श्रावस्ती ने 105 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया। तराई क्षेत्र होने के करण जिले में खसरे व रूबैला का प्रकोप होना आम बात है। बरसात के मौसम में कई गांव के लोग इसके संक्रमण में आ जाते थे।
इसके चलते बच्चों की जान भी चली जाती थी। इससे लोगों को बचाने के लिए विशेष वैक्सीन लगाने की शुरूआत की गई। इसके तहत पूरे प्रदेश में एक साथ 26 नवंबर से 9 जनवरी तक एक साथ टीकाकरण अभियान चलाया गया। इस दौरान श्रावस्ती को 427235 बच्चों का टीकाकरण करने का लक्ष्य सौंपा गया।
इस लक्ष्य को पूरा करते हुए श्रावस्ती में कुल 449464 बच्चों का टीकाकरण कराया गया। यह लक्ष्य से 105 प्रतिशत रहा। जबकि गौतम बुद्धनगर टीकाकरण में प्रदेश में दूसरे स्थान पर रहा। वहीं देवरिया जिला तीसरे स्थान पर रहा। मंडल के अन्य जिले जिसमें गोंडा 45वें, बलरामपुर 46वें व बहराइच 47वें स्थान पर रहा।
श्रावस्ती की इस सफलता के लिए प्रमुख सचिव स्वास्थ्य ने अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश मातनहेलिया को स्मृति चिन्ह व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। वहीं शनिवार को यह प्रमाण पत्र व स्मृति चिन्ह सीएमओ डॉ. बीके सिंह व डॉ. मुकेश मातनहेलिया की ओर से जिलाधिकारी दीपक मीणा को प्रदान किया गया।