श्रावस्ती। लोकसभा चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के लिए डीएम व एसपी सहित अन्य अधिकारियों ने तथागत हाल से रवाना हो रही पोलिंग पार्टियों से वार्ता की। अधिकारियों ने पीठीसीन अधिकारियों व मतदान कार्मिकों को निर्देश दिए और कहा कि निर्भीक होकर मतदान कराएं, उनकी सुरक्षा के लिए फोर्स तैनात की गई है। इसके बाद पोलिंग पार्टियों व सुरक्षा कर्मियों को वाहनों से मतदान स्थलों के लिए रवाना किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी व जिलाधिकारी दीपक मीणा ने मतदान के लिये रवाना होने वाले मतदान कर्मी, पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारियों से भी वार्ता की। उन्हें निर्देश दिया कि वह प्राप्त मतदान सामग्री जैसे ईवीएम व वीवी पैट, मतदाता सूची, अमिट स्याही आदि सभी सामग्री का मिलान करने के बाद ही अपनी पोलिंग पार्टी के साथ रवाना हो।
डीएम ने सहायक संभागीय परिवर्तन अधिकारी सुधेश तिवारी से वाहनों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मतदान में लगे अधिकारियों व कर्मचारियों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। सभी निर्भीक एवं निडर होकर मतदान करायें। उनकी सुरक्षा के लिये पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था की गई है। सभी मतदान केन्द्रों पर मतदाता के भेष में खुफिया पुलिस की तैनाती की गई है जो संभावित अराजकतत्वों पर कड़ी नजर रखेंगे। मतदान केंद्र या आसपास कोई खुराफात करने की कोशिश करता है तो उसे तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
उन्होंने मतदान में लगे अधिकारियों व कार्मिकों को निर्देश दिया कि पार्टी रवानगी स्थल से लेकर मतदान केंद्र व स्ट्रांग रूम में ईवीएम एवं वीवीपैट मशीन जमा करने तक किसी भी बाहरी व्यक्ति से संपर्क नहीं करेंगे। न ही किसी का आतिथ्य ही स्वीकार करेंगे। सभी पुलिस कर्मी अपने वाहन से न जाकर पोलिंग पार्टी के साथ निर्धारित वाहन से ही मतदान बूथों के लिये जायेंगे। इसके बाद डीएम व एसपी आशीष श्रीवास्तव ने मतदान पार्टियों के संबंध में जानकारी ली तथा स्ट्रांग रूम का निरीक्षण भी किया।