इकौना (श्रावस्ती)। ऑनलाइन व्यापार पर रोक लगाने, जीएसटी में संशोधन व आयकर सीमा बढ़ाने की मांग को लेकर व्यापारी लामबंद हो गए हैं।
सोमवार को उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष व महामंत्री के नेतृत्व में इकौना के व्यापारियों ने नगर में प्रदर्शन किया। इकौना के संजय पार्क पर व्यापारियों ने एक सभा का आयोजन किया।
जिसमें व्यापारियों ने केंद्र की भाजपा सरकार की व्यापारी विरोधी नीतियों की आलोचना करते हुए जीएसटी में संशोधन करने की मांग की।
व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष मिथिलेश शुक्ला ने कहा कि भाजपा स्वदेशी का समर्थन करती है। लेकिन भाजपा सरकार ने ऑनलाइन व्यापार को अनुमति देकर न केवल विदेशी कंपनियों के हित का काम किया है।
बल्कि देश की स्वदेशी व खुदरा बाजार पर संकट पैदा कर दिया है। महामंत्री अनिल नैयर ने कहा कि सरकार द्वारा जीएसटी में कई सुधार किए गए हैं। इसके बावजूद समस्याओं का समाधान होना बाकी है।
जीएसटी में जेल के प्रावधान को खत्म किया जाए। 28 प्रतिशत की दर वाले स्लैब को समाप्त किया जाए। इस दौरान कन्हैया कसौधन, अहशानउल्ला चौधरी, आलमगीर व संजीव नैयर ने भी जीएसटी से व्यापारियों को होने वाली समस्या पर अपनी राय रखा।
व्यापारियों ने जीएसटी संबंधित 14 सूत्रीय, आय कर संबंधित 10 सूत्रीय व आनलाइन व्यापार को बंद कराने संबंधित मांग को लेकर वित्तमंत्री व प्रधानमंत्री को संबोधित तीन अलग-अलग ज्ञापन तहसीलदार इकौना रामदयाल वर्मा को सौंपा गया।
इस मौके पर अमन जायसवाल, राम कुमार गुप्ता, नंद कुमार गुप्ता, नसीम चौधरी, पवन कुमार गुप्ता, आरिफ अहमद, रिंकू गुप्ता, महेशचंद्र आदि व्यापारी मौजूद रहे।