श्रावस्ती। जिले के नोडल अधिकारी ने सोमवार को सीएचसी इकौना, ब्लॉक व परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान विद्यालय में शिक्षा की खराब गुणवत्ता पर शिक्षिका व प्रधानाध्यापक का अग्रिम आदेशों तक वेतन रोकने का निर्देश दिया। वहीं अस्पताल व ब्लॉक में मिली खामियों पर जिम्मेदारों को फटकार लगाई।
सचिव पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग व जिले के नोडल अधिकारी केराम मोहन राव ने प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय कटरा का औचक निरीक्षण किया। कक्षा चार के बच्चे अंग्रेजी, गणित तथा हिंदी विषय के प्रश्नों का जवाब नहीं दे सके।
इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने शिक्षिका सोनाली चौधरी व प्रधानाध्यापक का अग्रिम आदेश तक वेतन रोकने का निर्देश दिया।
बीएसए को प्रतिदिन स्कूल का निरीक्षण करने, स्कूल में शिक्षा, मध्याह्न भोजन व फल वितरण आदि की जांच करने का निर्देश दिया।
लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों पर कार्रवाई करने को कहा। यहां उन्होंने चैपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्या सुनी। गांव में हैंडपंप खराब होने की शिकायत पर अधिशाषी अभियंता जल निगम को एक सप्ताह में हैंडपंप सही कराने को कहा।
साथ ही कोटेदार को राशन वितरण में लापरवाही की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। ग्राम पंचायत में आयुष्मान भारत से किसी भी व्यक्ति को लाभान्वित न किए जाने की जानकारी पर नाराजगी जताते हुए सीएमओ को फटकार लगाई।
उन्हें सभी सीएचसी व पीएचसी में रोस्टर बनाकर जाने तथा गोल्डन कार्ड लाभार्थियों की सूची सभी जन सुविधा केंद्रों से प्राप्त कराने का निर्देश दिया।
इसके बाद जिले के नोडल अधिकारी ने सीएचसी व ब्लॉक परिसर इकौना का निरीक्षण किया गया। सीएचसी में गंदगी होने तथा शौचालय में फ्लश न चलने पर प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. एके मिश्रा को फटकार लगाई।
ब्लड बैंक में फ्रीजर काम नहीं कर रहा था। इस पर नाराजगी जताते हुए जल्द ठीक करने का निर्देश दिया। इस दौरान जिलाधिकारी दीपक मीणा, मुख्य विकास अधिकारी अवनीश राय, उप जिलाधिकारी इकौना व मुख्य चिकित्साधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।