भिनगा व ब्लॉक परिसरों में होगा योगाभ्यास
डीएम ने जिलेवासियों से की प्रतिभाग करने की अपील
श्रावस्ती। विश्व योग दिवस 21 जून को मनाने के लिए मंगलवार को सारी तैयारियां पूरी कर ली गईं। जूनियर हाईस्कूल भिनगा मैदान सहित सभी ब्लॉक परिसरों में पतंजलि योग पीठ के प्रशिक्षकों की ओर से लोगों को योगाभ्यास कराया जाएगा। साथ ही देश प्रदेश में चलने वाले योगाभ्यास कार्यक्रम के प्रसारण के लिए एलईडी वैन भी लगाई गई हैं। इसमें जिले भर से लोग बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेंगे।
यह बातें मंगलवार को जिलाधिकारी दीपक मीणा ने जिले वासियों के नाम जारी अपील में कही। उन्होंने बताया कि योग कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के राज्यमंत्री कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान रणवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए डीएम ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, समाजसेवियों, स्वयं सेवी संगठनों, किसानों, व्यापारियों सहित जिले वासियों से बढ़ चढ़ कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि योग कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी लोग सुबह छह बजे जूनियर हाईस्कूल भिनगा व ब्लॉक परिसरों में पहुंचे। जिससे योगाभ्यास के दौरान उन्हें कोई असुविधा न हो। डीएम ने योगाभ्यास की व्यवस्था में लगे अधिकारियों को सभी व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश भी दिया है।