इकौना (श्रावस्ती)। ईद के त्योहार पर शासन द्वारा सभी सीएचसी, पीएचसी खुला रखने का निर्देश जारी किया गया था। इस आदेश का जिले में अनुपालन नहीं हुआ। श्रावस्ती विधायक के सीएचसी इकौना के निरीक्षण के दौरान अधीक्षक सहित अन्य चिकित्सकों व पटलों के कक्षों में ताला लटकता मिला, मात्र तीन चिकित्सक ही मौजूद मिले।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना का बुधवार को श्रावस्ती विधायक रामफेरन पांडे ने दोपहर करीब एक बजे निरीक्षण किया। इस दौरान यहां तैनात अधीक्षक डॉ. अवनीश तिवारी, महिला चिकित्सक डॉ. प्रतिभा शुक्ल, डॉ. गिरवर वर्मा, डॉ. प्रमोद चौधरी व डॉ. शनिदेव सिंह नदारद मिले। नेत्र सहायक कक्ष, टीकाकरण कक्ष व स्वास्थ्य शिक्षाधिकारी के कमरों में ताला लटकता मिला।
सीएचसी में मौके पर केवल डॉ. रजत सिंह, बालरोग विशेषज्ञ डॉ. अजय कुमार मिश्रा व डॉ. अनिल त्रिपाठी ही मौजूद मिले। भीषण गर्मी के बावजूद तमाम मरीज बरामदे में फर्श पर लेटे मिले। इस पर विधायक ने फोन से सीएमओ को इसकी जानकारी दी। साथ ही कहा कि मरीज चिकित्सकों का इंतजार कर रहे थे जबकि कई पटल में ताला लटक रहा था।
इसकी शिकायत मुख्यमंत्री से की जाएगी। इस बारे में सीएमओ डॉ. बीके सिंह ने बताया कि चिकित्सक किन परिस्थितियों में अस्पताल में नहीं थे और किसकी ड्यूटी थी, इसकी जांच कराई जाएगी।