श्रावस्ती। पुलवामा में सीआरपीएफ जवानों पर हुए आतंकी हमले के बाद से लोगों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। दुख के बीच लोगों का गुस्सा पाकिस्तान व आतंकवाद के खिलाफ फूट रहा है।
शनिवार की रात शहीदों को याद कर जहां गांव व कस्बों में कैंडल मार्च निकाला गया। वहीं रविवार सुबह शोक व विरोध रैली भी निकाली गई। लोगों ने पाकिस्तान व आतंकवाद का पुतला भी फूंका। इस मुहीम में किसान, व्यापारी, राजनीतिज्ञ व बुद्धिजीवी सभी एक ही मंच पर नजर आए। सब इस घटना का बदला चाहते हैं।
आम नागरिकों ने श्रीराम जानकी मंदिर से कैंडल मार्च निकाल कर शहीद जवान अमर रहे, भारतीय सेना जिंदाबाद, भारत माता की जय के नारे लगाए। मार्च बासुदेव चौराहा, भरत मिलाप चौराहा, गांधी चौक, राजा महल रोड, बस स्टैंड चौराहा होते हुए वापस मंदिर परिसर पहुंची। जहां सभी ने कैंडल लगाकर शहीदों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
वहीं कटरा व्यापार मंडल अध्यक्ष राम कुमार गुप्ता की अगुवाई में रविवार को व्यापारियों ने दुकान बंद कर पुलवामा में शहीद हुए नौजवानों को श्रद्धांजलि दी। इसके साथ ही प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
गिलौला विकासखंड के लक्ष्मननगर में शनिवार शाम को नगर वासियों ने दुर्गा मंदिर में एकत्र होकर शहीद जवानों की आत्मा की शांति व घायल जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना की। मोमबत्ती जलाकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित दो तो ग्रामीणों ने पाकिस्तान के विरोध में जुलूस निकाला। वहीं सिरसिया में शोक सभा व घोरमा कॉलोनी में पाकिस्तान विरोधी नारेबाजी कर पुतला फूंका गया।
जेतवन में प्रार्थना सभा में भिक्षुओं ने पारंपरिक पूजा पद्धति से देश के लिए कुर्बानी देने वाले शहीदों की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान भिक्षु नागरत्न ने कहाकि देश की रक्षा करने वाले जवान शहीद हुए हैं। हम सभी उनकी आत्मा की शांति के लिए भगवान बुद्ध से प्रार्थना करते हैं। इस मौके पर धम्म कीर्ति, नाग बौद्ध, नाग लोक, रत्न सागर, विमल सागर आदि भिक्षु मौजूद रहे।