श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को शौचालय, आवास व एनआरएलएम प्रगति समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी ने की। इस दौरान उन्होंने शौचालय एवं आवास निर्माण में धन देने के बावजूद शिथिलता मिलने पर सचिवों को फटकार लगाई।
युद्ध स्तर पर कार्य कराकर माह के अंत तक फोटो अपलोड कराने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कहा कि जिन पात्र व्यक्तियों को आवास व शौचालय निर्माण के लिए धन दिया गया है। सचिव ऐसे लोगों को प्रेरित कर समय से शौचालय व आवास का निर्माण पूरा कराए।
वित्तीय वर्ष समाप्त होने को है। ऐसे में प्रयास कर शौचालय व आवास का एक-एक पैसा व्यय करके चयनित लाभार्थियों के अधूरे शौचालय एवं आवास का निर्माण कराये। समीक्षा में शौचालय निर्माण में फोटो अपलोडिंग में सचिव सुनील कुमार 270 में से मात्र 06 फोटो, मंगल प्रसाद 385 में से 11, राकेश मौर्य 140 में से मात्र पांच, नागेंद्र प्रसाद 383 में से मात्र 17, रक्षाराम गुप्ता 374 में से मात्र 21, वीरेंद्र मणि 283 में से मात्र 16, मुब्बे हसन 166 में से मात्र 10, आशीष मिश्रा 316 में से मात्र 20, राधेश्याम यादव 471 में से मात्र 30 एवं संदीप नायक अब तक 105 में से मात्र 08 फोटो ही अपलोड कर सके हैं।
ऐसे में डीएम ने संबंधित सचिवों को फटकार लगाते हुए फरवरी के अंत तक शत प्रतिशत शौचालय का निर्माण कराकर फोटो अपलोड करने का निर्देश दिया। प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास एवं राष्ट्रीय स्वयं सहायता समूह में भी कई सचिवों की ओर से उदासीनता बरतने पर फटकार लगाई।
जिला पंचायत राज अधिकारी, सभी खंड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी को फील्ड में जाकर आवास निर्माण, शौचालय निर्माण एवं अन्य निर्माणाधीन कार्यों की मॉनीटीरिंग कर गुणवतापूर्ण तरीके से कार्य कराने का निर्देश दिया। इस दौरान सीडीओ अवनीश राय, डीडीओ वीके तिवारी, डीसी एनआरएलएम, डीपीआरओ, सभी बीडीओ, एडीओ पंचायत के साथ ही सचिव मौजूद रहे।