औसानकुंडी जंगल में दंपती को बंधक बनाकर लूटपाट
वनकर्मियों ने घेराबंदी कर एक बदमाश को पकड़ा, एक फरार
माल्हीपुर थाने से भागा बदमाश, पुलिसकर्मियों ने फिर दबोचा
जमुनहा (श्रावस्ती)। मिर्जापुर से भगवानपुर आ रहे बाइक सवार दंपती को औसानकुंडी जंगल में बदमाशों ने चाकू दिखाकर बंधक बना लिया। बदमाशों ने दंपती के पास मौजूद नगदी व जेवर छीन लिए। इसी बीच गश्त पर निकले वन कर्मियों ने घेराबंदी कर एक बदमाश को पकड़ लिया। जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार बदमाश को वनकर्मियों ने मल्हीपुर पुलिस को सौंप दिया। वहीं सोमवार देर शाम थाने से बदमाश भाग गया। पुलिस कर्मियों ने देररात घेराबंदी कर फिर से उसे गिरफ्तार कर लिया।
मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मिर्जापुर निवासी मनोज कुमार देर शाम मोटर साइकिल से थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव जा रहा था। इस दौरान उसके साथ पत्नी व बच्चे भी थे। जैसे ही मनोज बाइक लेकर हरदत्त नगर गिरंट के औसान कुंडी जंगल पहुंचा तभी मार्ग पर कीचड़ होने के कारण उसकी गाड़ी फंस गई। इस पर मनोज बाइक को निकालने का प्रयास करने लगा तभी मौके पर पहुंचे दो बदमाशों ने चाकू दिखाकर दंपती को बंधक बना लिया। बदमाशों ने उनके पास मौजूद जेवर व पांच सौ रुपये नगद छीन लिए। दंपती की चीख पुकार पर गश्त पर निकले वनकर्मियों ने घेराबंदी कर एक बदमाश को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी भागने में सफल रहा। पकड़े गए आरोपी को टीम ने मल्हीपुर पुलिस को सौंप दिया। पूछताछ में उसकी पहचान शिकारी चौड़ा निवासी नसीब अली के रूप में हुई है। सोमवार रात नित्यक्रिया के बहाने बदमाश थाने से फरार हो गया। इसकी जानकारी पर पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया। देर रात पुलिस ने बदमाश को फिर से गिरफ्तार कर लिया है। इस बारे में मल्हीपुर थाना प्रभारी श्रीराम यादव बताते हैं कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही उसके साथी को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।