श्रावस्ती। गोरखपुर में प्रधानमंत्री ने रविवार को किसान सम्मान निधि योजना का शुभारंभ किया। किसानों को इसका सजीव प्रसारण दिखाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से कलेक्ट्रेट के तथागत सभागार में व्यवस्था की गई थी।
कार्यक्रम के दौरान जिले के किसानों के खाते में सम्मान निधि के पहुंचते ही सभी के चेहरे खिल उठे। इस दौरान जिले के 37288 किसानों के खाते में 7,45,76, 000 रुपये भेजे गए।
किसान सम्मान निधि योजना का शुभारंभ गोरखपुर में रविवार को प्रधानमंत्री ने किया। इसका सजीव प्रसारण देखने के लिए किसानों को कलेक्ट्रेट स्थिति तथागत सभागार में बुलाया गया था।
कार्यक्रम का शुभारंभ होते ही किसानों के मोबाइल पर किसान सम्मान निधि का धन आने का मैसेज आना शुरू हो गया। देखते ही देखते एक किसान ने दूसरे को तो दूसरे ने तीसरे को इसकी जानकारी दी।
जब तक लाइव प्रसारण खत्म होता तब तक जिले के 37288 किसानों के खाते में 7,45,76,000 रुपये भेज दिए गए। इसके साथ ही इसका मैसेज भी किसानों को भेजा गया।
लाइव प्रसारण में आए सांसद दद्दन मिश्रा ने लोगों से कहा कि किसानों की आमदनी बढ़े और वह खुशहाल हों, इसलिए इस सम्मान निधि योजना का शुभारंभ प्रधानमंत्री ने किया है।
पहले दिन ही करीब 37 हजार किसानों तक उनका सम्मान पहुंचा। वहीं डीएम दीपक मीणा ने बताया कि इस योजना के लिए जिले के 1,93,108 पात्र लघु एवं सीमांत किसानों को चिह्नित किया गया है।
इनमेें से 1,22,340 किसानों का डाटा पहले ही लाक किया जा चुका है। पहले दिन ही 37,288 किसानों के खाते में डायरेक्ट बेनीफिट ट्रांसफर के माध्यम से 7,45,76,000 रुपये भेजे गए हैं।
मुख्य विकास अधिकारी अवनीश राय ने कहा कि किसान समृद्ध बनेगा तो निश्चित ही समाज में खुशहाली आएगी। किसानों की समृद्धि के लिए सरकार पूरी तरह से गंभीर है।
इस योजना का लाइव प्रसारण दिखाने के लिए जिला मुख्यालय में कलेक्ट्रेट के तथागत हाल, तीनों तहसीलों एवं पांचों विकास खंड मुख्यालयों पर व्यवस्था की गई थी।
इस दौरान चयनित किसानों को प्रमाण पत्र का वितरण किया गया। वहीं परिवर्तन के 22 माह नामक पुस्तक का वितरण सूचना विभाग श्रावस्ती की ओर से किया गया।
इस मौके पर मुख्य चिकित्साधिकारी, उपनिदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी, भूमि संरक्षण अधिकारी, सुनील तिवारी, पंकज मिश्रा, रामसुधि सरोज, राघवराम पासवान, राम प्रसाद यादव सहित काफी संख्या में किसान मौजूद रहे।