श्रावस्ती। जिले में 21 से 26 तक बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान चलेगा। इसके लिए शनिवार देर शाम डीएम ने सभी विभागों के लिए रोस्टर कार्यक्रम जारी किया है।
इसके अनुसार सभी विभागों को इस कार्यक्रम के तहत अभियान चलाना होगा। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ सरकार का महत्वाकांक्षी अभियान है। यह अब जिले में चलाया जाएगा। इसके लिए शनिवार को डीएम दीपक मीणा की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद रोस्टर जारी किया गया है।
इसके मुताबिक 21 जनवरी को पुलिस द्वारा आत्मरक्षा के कार्यक्रम, मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा बेटियों व महिलाओं का जागरूकता कार्यक्रम, साफ -सफाई, स्वास्थ्य और उन्नत जीवन जीने का तरीका, जिला पंचायतराज अधिकारी द्वारा ग्राम प्रधान, सचिव एवं ग्राम समितियों द्वारा डोर-टू-डोर अभियान के संबंध में चर्चा की जायेगी।
22 जनवरी को डीआईओएस व बीएसए के नेतृत्व में 11 बजे प्रभात फेरी का आयोजन, सभी स्कूलों के प्रधानाध्यापक छात्र-छात्राओं को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ को शपथ दिलाएंगे।
जिला, ब्लॉक, ग्राम पंचायत स्तर पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। सभी स्कूलों में आत्मरक्षा के लिए प्रशिक्षण, वैधानिक अधिकारों के संबंध में जागरूकता एवं अच्छे खराब स्पर्श के संबंध में जानकारी दी जाएगी।
स्लोगन, लेखन, पोस्टर, पेंटिंग व ड्राइंग प्रतियोगिताएं होंगी। 23 जनवरी को जिला अग्रणी बैंक, जिला बचत अधिकारी, प्रधान पोस्ट मास्टर द्वारा सुकन्या समृद्धि योजना का प्रचार-प्रसार, शिशु कन्या के नाम पर पौधरोपण, जन्म प्रमाण पत्र का वितरण तथा सुकन्या समृद्धि योजना के तहत खाता खोला जाएगा।