अलक्षेंद्र इंटर कॉलेज में परीक्षार्थियों की जांच करते कर्मी।- संवाद
श्रावस्ती/गिलौला। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय समिति की ओर से शनिवार को कक्षा छह के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई। पांच केंद्रों पर 2879 में से 1629 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, 1250 अभ्यर्थी परीक्षा से गैरहाजिर रहे।
विगत वर्षों की भांति इस बार भी जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा छह में दाखिला के लिए प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा के लिए कुल 2879 छात्रों ने पंजीकरण कराया था। इसके लिए जिले के पांच विद्यालयों को केंद्र बनाया गया।
लालबहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज वीरगंज में 496 में से 229 विद्यार्थी उपस्थित रहे, जबकि 267 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज गिलौला में 496 में से 296 विद्यार्थी उपस्थित रहे, जबकि 200 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
इसी तरह जगतजीत इंटर काॅलेज इकौना में 606 में से 359 विद्यार्थी उपस्थित व 247 अनुपस्थित रहे। अलक्षेंद्र इंटर कॉलेज भिनगा में 677 में से 375 विद्यार्थी उपस्थित व 302 अनुपस्थित रहे। पंडित ब्रह्मदत्त उच्च माध्यमिक विद्यालय चैलाही में 604 में से 370 विद्यार्थी उपस्थित रहे, जबकि, 234 विद्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
सकुशल संपन्न हुई परीक्षा
जिले के पांच केंद्रों पर आयोजित परीक्षा सकुशल संपन्न हुई, किसी भी केंद्र पर किसी प्रकार की गड़बड़ी सामने नहीं आई है। परीक्षा परिणाम ऑनलाइन माध्यम से प्रदर्शित किए जाएंगे।
-विजय बहादुर पटेल, प्रभारी प्रधानाचार्य