बौद्ध परिपथ पर पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली।- संवाद
इकौना। तेज रफ्तार कंटेनर ने बृहस्पतिवार रात बौद्ध परिपथ पर जा रही गन्ना लदीं दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में टक्कर मार दी। टक्कर से एक ट्रॉली गन्ना सहित सड़क किनारे खड़े बाइक सवारों पर पलट गई और एक ट्रैक्टर गड्ढे में चला गया। हादसे में तीनों बाइक सवार युवक घायल हो गए, जिन्हें सीएचसी इकौना में भर्ती करा दिया गया।
बहराइच के कोतवाली देहात क्षेत्र की ग्राम पंचायत धरसवां बड़ागांव निवासी प्रिंस कुमार गन्ने की तौल करवाने के लिए तुलसीपुर चीनी मिल बलरामपुर जा रहे थे। बौद्ध परिपथ पर जगदीशपुर के पास तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी। टक्कर से गन्ना लदी ट्रॉली बगल में खड़े बाइक सवार जगदीशपुर निवासी बाबू गौतम, जय जय राम व मोहम्मदपुर राजा निवासी सुनील तिवारी पर पलट गई।
हादसे में तीनों युवक घायल हो गए, उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। कंटेनर ने सेमरी तरहर निवासी एक अन्य युवक की ट्रैक्टर-ट्रॉली में भी टक्कर मार दी, जिससे ट्रैक्टर का टायर फट गया और गड्ढे में उतर गया। हालांकि चालक को कोई चोट नहीं आई।
थाना प्रभारी परमानंद तिवारी ने जांच की। टक्कर के बाद भाग रहे कंटेनर को वरिष्ठ उप निरीक्षक विपिन सिंह व प्रमोद कुमार ने दौड़ाकर पकड़ लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। घायलों का इलाज जारी है।