श्रावस्ती। जिले की सभी तहसीलों में मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इस दौरान कुल 446 फरियादी शिकायत लेकर आए, इनमें से सिर्फ 39 शिकायतों का ही मौके पर समाधान हो सका।
इस दौरान भिनगा तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी ने लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहाकि सभी छोटी-बड़ी शिकायतों को विभागीय अधिकारी व कर्मचारी गंभीरता से सुनें, साथ ही मौके पर जाकर एक सप्ताह में उनका निपटारा कराएं।
भिनगा में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी योगानंद पांडेय ने लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माणाधीन कार्यों से संबंधित शिकायतों की अधिकारी मौके पर जाकर जांच करें।
जिन अधिकारियों के कार्यालय तहसील स्तर पर हैं, वह इन शिकायतों पर स्थलीय निरीक्षण कर आख्या दो दिन में प्रेषित करें। इस दौरान यहां कुल 94 शिकायतें आईं, इनमें से सिर्फ सात मामलों का मौके पर निपटारा हो सका।
वहीं नव निर्मित जमुनहा तहसील सभागार में पहली बार उपजिलाधिकारी जमुनहा मया शंकर यादव के नेतृत्व में समाधान दिवस का आयोजन हुआ। जहां कुल 47 फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
इनमें से पांच मामले का ही मौके पर निपटारा हुआ। वहीं इकौना में उप जिलाधिकारी राजेश मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित समाधान दिवस में कुल 305 शिकायतें आई। इसमें से 27 शिकायतों का निपटारा किया जा सका।