सिरसिया (श्रावस्ती)। जोखवा बाजार में गुरुवार देर शाम एक घर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। जब तक लोगों को इसकी जानकारी होती लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में आने से 11 घर व पांच बकरियां जल गईं। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। वहीं शुक्रवार की शाम पूर्व सांसद ने गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों को त्योहार के लिए कपड़ा, मिठाई और अन्य सामग्री दी।
सिरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम जोखवा बाजार के मजरा निवासी राम उजागर के फूस के घर में अज्ञात कारणों से गुरुवार शाम आग लग गई। जब तक परिवारीजनों को इसकी जानकारी होती आग की लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया। जिसकी चपेट में आने से राम उजागर की पांच बकरियों की झुलसने से मौत हो गई।
वहीं आग की लपटों ने राम उजागर सहित अंगनू, जगत राम, बुधई, जगमोहन, मालिक राम, त्रिभुवन, सुरेश, सोमई, सूरत, किशोर व गुमान के फूस के घर को भी चपेट में ले लिया। जिससे घर में रखा कपड़ा, बर्तन अनाज सहित सारा सामान जल गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना सिरसिया पुलिस सहित अग्निशमन विभाग को दी।
मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने सिरसिया पुलिस व ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से करीब पांच लाख रुपये की संपत्ति के क्षति का अनुमान लगाया जा रहा है। उधर शुक्रवार की शाम पूर्व सांसद दद्दन मिश्र ने गांव पहुंचकर पीड़ितों का हाल जाना और उन्हें त्योहार के लिए कपड़े, मिठाई, दीपक समेत अन्य सामग्री दी। इस दौरान उनके साथ अमित शुक्ला, कमलेश मिश्र, धनश्याम पाठक, शिवकुमार मिश्र, राधेश्याम वर्मा समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।