श्रावस्ती। तराई में वैश्विक महामारी कोरोना का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट में स्वास्थ्य कर्मी सहित दो एसएसबी जवान कोरोना पॉजिटिव मिले। वहीं तीन लोग संक्रमण को मात देकर स्वस्थ भी हुए। इसके साथ ही जिले में अब तक कुल 1129 पॉजिटिव मरीज मिले हैं, जबकि तेरह लोगों की संक्रमण से मौत हो गई। मौजूदा समय कोरोना के 28 एक्टिव मरीज हैं।
वैश्विक महामारी कोरोना का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को आई रिपोर्ट में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिनगा का एक स्वास्थ्य कर्मी व सशस्त्र सीमा बल 62वीं वाहिनी मुख्यालय भिनगा में तैनात दो जवान कोरोना संक्रमित मिले हैं। जिन्हें होम क्वारंटीन किया गया है। इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को एहतियात बरतने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं जिले में तीन लोग स्वस्थ भी हुए।
जिनमें इकौना के मुस्काबाद निवासी दो व हरिहरपुररानी के मनिकापुर निवासी एक व्यक्ति शामिल है। जिन्हें घर भेजा गया है। जिले में अब तक 134083 लोगों की कोरोना जांच की जा चुकी है। इनमें से 132621 लोगों की रिपोर्ट जिले को प्राप्त हो चुकी है। इनमें 1129 लोग कोरोना संक्रमित मिले। अब तक 13 लोगों की कोरोना संक्रमण के चलते मौत भी हुई है।
जिले में मौजूदा समय कुल 28 एक्टिव केस हैं। वहीं 10 कंटेनमेंट जोन भी सक्रिय हैं। इस बारे में सीएमओ डॉ. एपी भार्गव ने बताया कि कोरोना से सावधानी बरत कर ही बचा जा सकता है। ऐसे में लोगों को चाहिए कि वह बगैर मास्क व गमछा बांधे घरों से बाहर न निकलें। एक दूसरे से दो गज की दूरी बनाएं रखे। समय समय पर साबुन से हाथ धोते रहे।