श्रावस्ती। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आयोजित लोक अदालत में 1060 मामलों का निपटारा किया गया। लोक अदालत की अध्यक्षता जिला सत्र न्यायाधीश साकेत बिहारी दीपक ने की। निस्तारित वादों में एनएसीपी सहित कई लघुवाद शामिल रहे।
राष्ट्रीय लोक अदालत में न्यायालय जनपद न्यायाधीश की ओर से एमएसीपी के एक वाद का निपटारा करते हुए 285000 रुपये प्रतिपूर्ति दिलाई गई। न्यायालय प्रधान न्यायाधीश कुटुंब के पीठासीन अधिकारी कृपाशंकर शर्मा ने वैवाहिक मामलों के दो वाद निस्तारित किए।
अपर जिला न्यायाधीश परमेश्वर प्रसाद ने एमएसीपी के एक वाद के साथ दो अन्य मुकदमों का निस्तारण करते हुए 485000 रुपये प्रतिपूर्ति दिलाई। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शीतला प्रसाद ने 281 आपराधिक वादों का निपटारा करते हुए 31490 रुपये जुर्माना अधिरोपित कर वसूल किया।
न्यायालय सिविल जज प्रवर खंड व एसीजेएम जयहिन्द कुमार सिंह ने एक उत्तराधिकार वाद का निपटारा करते हुए 114337 रुपये का उत्तराधिकार प्रमाण पत्र जारी किया। साथ ही 45 आपराधिक वादों का निपटारा करते हुए 10380 रुपये जुर्माना अधिरोपित कर वसूल किया।
न्यायालय सिविल जज जूनियर डिवीजन प्रभात सिंह की ओर से दो सिविल वादों का निपटारा किया गया। न्यायाधिकारी ग्राम न्यायालय बृजेंद्र त्रिपाठी की ओर से फौजदारी के 35 वादों का निपटारा करते हुए 9500 रुपये जुर्माना वसूल किया गया।
प्री-लिटीगेशन से संबंधित मामलों में बैंक के 109 मामलों का निपटारा कर 9935890 रुपये की समझौता राशि तय की गयी तथा 1722463 रुपये प्राप्त किया गया। कलेक्ट्रेट से प्राप्त सूचना के अनुसार राजस्व संहिता से संबंधित 268 वाद तथा 313 फौजदारी मामले निस्तारित किये गये। इस मौके पर जिला शासकीय अधिवक्ता सिविल दिनेश कुमार शुक्ला सहित अधिवक्ता, वादकारी, बैंक कर्मचारी तथा न्यायिक कर्मचारी मौजूद रहे।