कलेक्ट्रेट सभागार में फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम में संकल्प लेते जनप्रतिनिधि व अधिकारी -स्रो
श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में रविवार को फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें अभियान के दौरान जिले के करीब 10.10 लाख लोगों को फाइलेरियारोधी दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।
सीएमओ डॉ. एके सिंह ने बताया कि 10 से 28 अगस्त तक चलने वाले फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत 10 कार्यदिवसों में जिले के 10,10,652 लोगों को फाइलेरियारोधी दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 1086 टीमों को लगाया गया है। इनकी निगरानी के लिए 217 सुपरवाइजर व 16 रैपिड रिस्पांस टीम को तैनात किया गया है।
अभियान के दौरान एक वर्ष से कम आयु के बच्चों, गंभीर बीमारी से ग्रसित मरीजों व गर्भवती महिलाओं को छोड़कर सभी आयुवर्ग के लोगों को दवाओं का सेवन कराया जाएगा। साथ ही कृमि मुक्ति के लिए एल्बेंडाजॉल की खुराक भी खिलाई जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने अभियान को सफल बनाने के लिए संकल्प लिया। इस मौके पर सांसद रामशिरोमणि वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा, विधायक रामफेरन पांडेय, सीडीओ शाहिद अहमद व डॉ. इकबार अहमद मंसूरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।