बस की चपेट में आकर युवक की मौत
थानाभवन। दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे मार्ग पर हिंड पुलिया के पास बड़ौत डिपो की बस की चपेट में आकर हिंड निवासी बाइक सवार युवक शाहिद की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया।
गांव हिंड निवासी शाहिद (20) फेरी लगाकर सब्जी बेचता था। वह रविवार सुबह करीब आठ बजे थानाभवन से बाइक से सब्जी लेने गया था। मंडी से लौटते वक्त हिंड पुलिया पट्ठे के पास शामली की ओर से आ रही बड़ौत डिपो की बस ने शाहिद की बाइक में सामने से टक्कर मार दी। दुर्घटना में शाहिद की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक शाहिद के पिता साजिद की ओर से आरोपी बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। थानाभवन थाना प्रभारी प्रभाकर कैंतुरा ने बताया कि बस चालक राहुल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। चालक को हिरासत में ले लिया गया है।
चार बहनों का इकलौता भाई था शाहिद
शाहिद सब्जी बेचकर अपने घर का खर्च चलाता था। आठ दिन पहले ही उसकी छोटी बहन की शादी बागपत में हुई थी। चार बहनों में वह सबसे बड़ा भाई था। अब शाहिद की मौत के बाद जहां परिवार आर्थिक रूप से टूट गया है, तो वहीं घर का चिराग बुझ गया।