शामली में ट्रेन से कटकर मरे सुनील का फाइल फोटो। स्रोत परिजन
लांक (शामली)। शहर कोतवाली क्षेत्र में बृहस्पतिवार देर रात करीब एक बजे बुढ़ाना रोड रेलवे फाटक के आउटर के पास ट्रेन की चपेट में आकर सुनील कश्यप (27) की मौत हो गई। वह ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था।
दिल्ली से शामली आ रही पैसेंजर ट्रेन रात में बुढ़ाना रेलवे फाटक के आउटर के पास पहुंची तो उसी समय एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में युवक की मौके पर मौत हो गई। ट्रेन चालक और गार्ड ने स्टेशन मास्टर को हादसे की सूचना दी। क्षेत्र शहर कोतवाली का होने के कारण पुलिस को जानकारी दी गई।
शहर कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर जांच पड़ताल की। युवक की जेब से मिले आधार कार्ड व अन्य दस्तावेज के आधार पर उसकी पहचान सुनील कश्यप निवासी नई बस्ती सिसौली थाना भौरा कलां के रूप में हुई। पुलिस की सूचना पर परिजन शामली पहुंचे।
मृतक के भाई सोनू ने पुलिस को बताया कि सुनील सोनीपत क्षेत्र में ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता था। वह आठ दिन पहले घर से ईंट भट्ठे पर गया था। हादसे के वक्त वह कहां से आ रहा था, इस बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। सुनील की पत्नी का लगभग तीन वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। उनकी 6 वर्ष और 3 वर्ष की दो बेटियां है। जांच अधिकारी मुकेश दिनकर ने बताया कि परिजनों की तरफ से इस मामले में अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है।
शामली में ट्रेन से कटकर मरे सुनील का फाइल फोटो। स्रोत परिजन