शामली। भाजपा युवा सम्मेलन में अव्यवस्था भी हावी रही। जिन लोगों को मंच पर रहना था, उनके अलावा भी और लोग चढ़ गए। आलम यह हुआ कि भाजपा सांसद हुकुम सिंह ने कई बार टोका और अपना भाषण बीच में ही रोक दिया।
शुक्रवार को जब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य युवा सम्मेलन में मंच पर पहुंचे, तो भाजपा नेताओं में उनके साथ फोटो खिंचवाने की होड़ सी मच गई। युवा कार्यकर्ताओं की भीड़ मंच पर चढ़ गई। इसी बीच सांसद हुकुम सिंह का संबोधन शुरू हुआ, लेकिन मंच पर चढ़े कार्यकर्ताओं की भीड़ नीचे नहीं उतरी, जिससे अव्यवस्था पैदा हो गई।
वहीं, टिकट के दावेदार एक नेता के कुछ समर्थक बार बार मंच के सामने पहुंचकर नारेबाजी करते रहे। उन्हें भी हुकुम सिंह ने टोका और कहा कि शांत हो जाओ, इस तरह नौटंकी और हल्ला करने से टिकट नहीं मिलता, बल्कि कट जाता है। प्रदेश अध्यक्ष को शामली में युवा सम्मेलन को संबोधित करने के बाद रामपुर पहुंचना था, जिसके चलते उनके आने के बाद हुकुम सिंह के अलावा अन्य किसी नेता के भाषण भी नहीं हो सका।
युवाओं को सिर्फ भाजपा में सम्मान : बेनीवाल ः भाजयुमो के प्रदेश मंत्री मोहित बेनीवाल ने कहा कि एकमात्र भाजपा ही युवाओं को सम्मान देती है। तभी तो प्रदेश भर में युवा सम्मेलन हो रहे हैं। अन्य राजनीतिक दल अपना भला करने में लगी हैं। युवाओं के बगैर राजनीति नहीं होगी। वहीं, प्रदेश सरकार ने युवाओं का खून चूसा है। साढ़े चार साल तक सपा सरकार उत्पीड़न करने में लगी रही, अब जनता की हितैषी बनने का दिखावा कर रही है।
तीनों सीट जिताने की कसम खाओ : हुकुम सिंह
भाजपा सांसद हुकुम सिंह ने कहा कि शामली जिला आकार में छोटा है पर उत्साह में प्रदेश में अग्रणी है। प्रतिकूल परिस्थितियों में भी पार्टी को सींचने का कार्य यहां के युवाओं ने किया। 2012 के चुनाव में जिले की दो सीटें जीती थीं, किसी कारण से एक सीट हमसे छिन गई। अब युवा सौगंध लेकर जाएं कि जिले की तीनों सीटें भाजपा को जितानी हैं। यूपी की जनता ने 10 साल से जो देखा, उससे मन भर गया है। अब परिवर्तन लाना है। केंद्र में भाजपा की सरकार है, यूपी में भी बनवाओ, तो प्रदेश और हमारा जनपद तरक्की करेगा।