Shamli News: देहरादून की बीएससी की छात्रा बृहस्पतिवार को एलम पहुंची और युवक से शादी की जिद की। पुलिस पर सुनवाई न करने का आरोप लगाते हुए युवती शुक्रवार को थाने पर धरना देकर बैठ गई। वहीं शनिवार को युवक की बरात दिल्ली जा रही है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
कस्बा एलम में प्रेमी के घर बरात लेकर पहुंची देहरादून निवासी बीएससी की छात्रा के मामले में शुक्रवार देर शाम नया मोड़ आ गया। युवती की ओर से सोशल मीडिया पर एक सुसाइड नोट वायरल किया गया है। इसमें उसने युवक और उसके परिजनों पर उत्पीड़न तथा शादी से इंकार करने के आरोप लगाए हैं। साथ ही पुलिस-प्रशासन से मदद नहीं मिलने की बात लिखते हुए ''मरने जा रही हूं'' कहा है।
विज्ञापन
Trending Videos
युवती ने इससे पहले कांधला थाने में तहरीर देकर एलम निवासी युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया। युवती के मुताबिक, करीब सात साल पहले उसकी मुलाकात युवक से हुई थी। युवक दिल्ली में मर्चेंट नेवी में तैनात है। उसे जब पता चला कि युवक की शादी दूसरी जगह तय हो गई है और 20 नवंबर को उसका मंढा कार्यक्रम तथा 21 नवंबर को दिल्ली के मेट्रो विहार में बरात जानी है, तो वह अपनी मां, भाई, बहन और अन्य परिजनों के साथ बैनर, वरमाला और ढोल-नगाड़े लेकर एलम पहुंच गई थी।
युवती ने युवक के घर पहुंचकर शादी की मांग की थी। इस दौरान युवक पक्ष के लोगों से उसकी नोकझोंक हुई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया था। बाद में युवती और उसके परिजनों ने युवक के घर के बाहर देर रात तक धरना भी दिया था। युवती का कहना था कि वह प्रेमी से शादी करके ही रहेगी।
शुक्रवार को युवती कांधला में ही होटल में डेरा डाले रही। कहा कि युवक से शादी करके ही मानेंगी। वरना जान दे देंगी। उधर, युवक के भाई ने युवती के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा था कि उसके भाई ने कोई दुष्कर्म नहीं किया है। एएसपी सुमित शुक्ला ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। उनके अनुसार, देहरादून में भी युवती की ओर से दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया गया था, जिसमें एफआर लग चुकी है।
युवक का मंढा कार्यक्रम संपन्न, शनिवार को दिल्ली जाएगी बरात
युवक का मंढा कार्यक्रम शुक्रवार को संपन्न हो गया। शनिवार को युवक की बरात दिल्ली जानी है। कार्यक्रम के दौरान मेहमानों का भी खाना खिलाया गया।
युवती ने थाने के बाहर डाला डेरा
मंढा कार्यक्रम नहीं रुकवाने पर युवती ने कांधला थाने पर डेरा डाल दिया। कहा कि उसे हर हाल में इंसाफ चाहिए।
सुसाइड नोट में युवक और परिजनों को ठहराया जिम्मेदार
सोशल मीडिया पर वायरल सुसाइड नोट में युवती ने लिखा है कि वह होशो-हवास में पत्र लिख रही है। उसने आरोप लगाया कि युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया और अब शादी से मना कर रहा है। इससे वह दुखी है। नोट में उसने अपनी मौत के लिए युवक और उसके परिवार के सदस्यों को जिम्मेदार ठहराया है। साथ ही परिवार और पुलिस-प्रशासन से न्याय नहीं मिलने की बात भी लिखी है। हालांकि, वायरल नोट में लगाए गए आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है।