शामली कोतवाली में धर्मांतरण कराने के आरोप में गिरफ्तार चांदनी व उसके पिता इस्लाम कुरैशी। स्रोत
शामली। दवा कारोबारी के पुत्र का धर्मांतरण कराने के मामले में पुलिस ने रविवार को युवती चांदनी कुरैशी और उसके पिता इस्लाम कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया। नाै अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। मामले में शनिवार को युवती और उसके पिता व तीन माैलवियों समेत 11 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। एसपी का कहना है कि शहर के प्रसिद्ध मेडिकल स्टोर संचालक देवराज मलिक की करोड़ों की संपत्ति हड़पने के लिए उनके पुत्र आयुष का योजनाबद्ध तरीके से धर्मांतरण कराया गया था। उन्होंने आशंका जताई कि जिले में धर्मांतरण कराने वाला बड़ा गिरोह सक्रिय है।
एसपी एनपी सिंह ने रविवार को कैंप कार्यालय में मीडिया को बताया कि आरोपी पिता-पुत्री से हुई पूछताछ में सामने आया कि इस्लाम फलों का ठेला लगाता था। चांदनी व उसके पिता समेत पूरे परिवार की नजर आयुष मलिक व उसके पिता देवराज की संपत्ति पर थी। इसीलिए चांदनी ने आयुष को प्रेमजाल में फंसाया। परिवार के लोगों से मिलकर फर्जी निकाहनामा तैयार कराया और ब्लैकमेल कर उसका धर्म परिवर्तन कराया। चांदनी व उसके परिवार के लोग आयुष पर संपत्ति बेचकर उनके साथ रहने का दबाव बना रहे थे। फिलहाल चांदनी सलेक विहार में किराये पर रह रही थी। वहां पर आयुष आता-जाता था।
एसपी का कहना है कि इस प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है। एएसपी सुमित शुक्ला व सीओ सिटी जितेंद्र सिंह के निर्देशन में एसआईटी व एलआईयू व अन्य खुफिया विभाग की टीमें जांच कर रही हैं। इस प्रकरण में जो भी लोग शामिल रहे हैं, वे कहीं के भी रहने वाले हैं, उन सभी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
आयुष का नाम बदलकर रहमान कर दिया था
धर्मांतरण के बाद आयुष मलिक का नाम बदलकर रहमान रखा गया था। शुरू में इस नाम को छिपाया गया, लेकिन जब वह मस्जिद में नमाज पढ़ने के लिए जाने लगा तो रहमान नाम भी चर्चा में आने लगा था। एएसपी का कहना है कि फिलहाल आयुष की पाकिस्तान में किसी से बातचीत कराने या चैटिंग करने का मामला जानकारी में नहीं आया है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।