झिंझाना। यमुना नदी ने बारिश के चलते अपना रुख बदलकर भड़ी मुस्तफाबाद की जीरो नंबर ठोकर से एक नंबर ठोकर की ओर मोड़ लिया है। अब पानी का बहाव हरियाणा से उत्तर प्रदेश की तरफ तेज हो गया है, जिससे गांवों पर खतरा मंडराने लगा है।
एक नंबर की जर्जर ठोकर पर संकट गहराता जा रहा है। पांच मंजिला ठोकर की तीन मंजिलें पहले ही बह चुकी थीं, अब चौथी मंजिल भी पानी में समा गई। लगभग छह मीटर का हिस्सा ध्वस्त हो चुका है। यमुना की तेज धार लगातार ठोकर को काट रही है, जिससे हालात और गंभीर होते जा रहे हैं। ड्रेनेज विभाग के एसडीओ ने बताया कि हथनीकुंड बैराज से छोड़े गए पानी के कारण यमुना का जलस्तर बढ़ रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ऊन तहसील से मजिस्ट्रेट, ड्रेनेज विभाग के एसडीओ, जेई और अन्य अफसर मौके पर मौजूद रहे। विभागीय कर्मचारियों ने पेड़ काटकर नदी में डालना शुरू किया ताकि तेज धार का रुख मोड़कर कटान को अस्थायी रूप से रोका जा सके। इस्पाक, नाजिम, इलयास, इन्साद, शकील, अफसर समेत कई प्रभावित किसान मौके पर मौजूद रहे।