पहाड़ों पर बारिश के चलते यमुना का जलस्तर एक मीटर बढ़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
कैराना। पहाड़ों पर हो रही बारिश के चलते यमुना का जलस्तर एक मीटर बढ़कर 228.5 मीटर हो गया। जो खतरे के निशान से तीन मीटर कम है। पहाड़ों पर हो रही बारिश के चलते हथनीकुंड बैराज पर पानी का दबाव बढ़ गया है।
हथिनीकुंड बैराज से बृहस्पतिवार को यमुना में छोड़े जाने वाली पानी की मात्रा 2925 क्यूसेक थी। वहीं, शुक्रवार को हथिनीकुंड बैराज पर पानी का दबाव कम होने के बाद पानी की सामान्य मात्रा 352 क्यूसेक प्रति सेकंड हो गई थी। शनिवार सुबह आठ बजे हथनीकुंड कंट्रोल रूम से यमुना में 352 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। दोपहर 12 बजे पानी की मात्रा बढ़कर 12260 क्यूसेक हो गई। दो दिन पहले कैराना यमुना पुल के पास यमुना का जलस्तर 227.5 मीटर चल रहा था। अब यमुना का जलस्तर एक मीटर बढ़ने के कारण शनिवार दोपहर यमुना का जलस्तर समुद्र तल से 228.5 मीटर ऊपर बह रहा है। शनिवार दोपहर 12 बजे यमुना में छोड़े गए 12260 क्यूसेक पानी का असर रविवार सुबह देखने को मिलेगा। पहाड़ों पर अभी बारिश चल रही है जिस कारण यमुना उफान पर आने की उम्मीद है। यमुना का चेतावनी बिंदू 231 मीटर और खतरे का निशान 231.5 मीटर पर है।