संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। जनपद में शनिवार को विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। जिला मलेरिया विभाग की टीम ने ग्राम पंचायत खंदावली की चौपाल पर कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों को मलेरिया जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के उपाय बताए।
जिला मलेरिया अधिकारी की ओर से बताया गया कि हर वर्ष 25 अप्रैल को मनाया जाने वाला यह दिवस लोगों को मलेरिया के प्रति जागरूक करने और इसके उन्मूलन के प्रयासों को तेज करने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है। मलेरिया मादा एनोफिलीज मच्छर के काटने से फैलता है और समय पर इलाज न मिलने पर जानलेवा भी साबित हो सकता है।
कार्यक्रम में ग्रामीणों को समझाया गया कि घर के आसपास पानी जमा न होने दें, सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें, पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें और मच्छर भगाने वाले साधनों का उपयोग करें। हर रविवार मच्छर पर वार अभियान के तहत कूलर, टायर, गमले व अन्य बर्तनों में जमा पानी को खाली कर सुखाने की अपील की गई।
विशेषज्ञों ने बताया कि ठंड के साथ तेज बुखार, सिर दर्द, उल्टी, थकान और कमजोरी मलेरिया के प्रमुख लक्षण हैं। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करना जरूरी है। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों, ग्राम प्रधान व ग्रामीणों ने भाग लेकर मलेरिया मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया।