गढ़ीपुख्ता। थाना आदर्श मंडी क्षेत्र में बुलेट की टक्कर से महिला राजकली की मौत हो गई जबकि 7 माह की बच्ची समेत दो घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी बुलेट लेकर भाग गया।
ग्राम ताना निवासी सूरज सिंह ने तहरीर में बताया कि 24 अप्रैल की सुबह करीब 10:30 बजे उसका भाई चांद सिंह, बुआ राजकली और 7 माह की बच्ची सोनू को दवा दिलाने के लिए बाइक से शामली जा रहे थे। बधेव हाईवे क्रॉस करते समय तेज रफ्तार बुलेट सवार अज्ञात व्यक्ति ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक दूर जा गिरी, जिससे चांद सिंह और राजकली, सोनू गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से घायलों को तुरंत शामली के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें मेरठ के लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान 25 अप्रैल को राजकली ने दम तोड़ दिया, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
पीड़ित ने पुलिस से अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपी की तलाश जारी है।