गठवाला खाप को मजबूत करने के लिए कार्य हो : नरेश टिकैत
शामली। गठवाला खाप के चौधरी रहे हरिकिशन मलिक की पहली पुण्य तिथि के मौके पर लिसाढ गांव में श्रद्धा सुमन अर्पित करने के लिए आसपास के खाप चौधरी पहुंचे। इस मौके पर भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि गठवाला के चौधरी बाबा हरिकिशन मलिक ने समाज को जोड़ने काम किया। गठवाला खाप बड़ी खाप है। खाप चौधरी राजेंद्र सिंह मलिक को बाबा से प्रेरणा लेकर समाज को जोड़ने और आगे बढ़ाने का काम करना है।
चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि गठवाला खाप के चौधरी बाबा हरिकिशन मलिक ने समाज के लिए कार्य किया। भाकियू के आंदोलन में कंधे से कंधा मिलाकर साथ दिया। भाकियू के आंदोलन में लिसाढ के शहीद जयपाल सिंह भी थे। आंदोलन में सहयोग को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
हरियाणा गठवाला खाप के दादा बलजीत सिंह मलिक, राष्ट्रीय किसान संगठन के अध्यक्ष सरदार वीएम सिंह, पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक, शामली विधायक प्रसन्न चौधरी, पूर्व विधायक तेजेंद्र निर्वाल, बुढ़ीना कलां से वीरेंद्र सिंह लाटियान, चौगामा खाप से कृषि पाल सिंह, देशवाल खाप से शरणवीर सिंह, बतीसा खाप से चौधरी विनय कुमार पंवार, शोकेंद्र कुमार, भभीसा खाप से सचिन कुमार, विजेंद्र मलिक, अनिल मलिक, पूर्व विधायक उमेश मलिक के भाई अजय कुमार आदि ने बाबा हरिकिशन मलिक को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस मौके पर खाप चौधरियों का स्वागत गठवाला खाप के चौधरी राजेंद्र मलिक ने किया। भाजपा नेता हरवीर मलिक ने संचालन किया।