फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रालोद का धरना-प्रदर्शन, 4 तक 25 करोड़ का भुगतान का आश्वासन

विज्ञापन
ऊन चीनी मिल पर धरने पर बैठे विधायक अशरफ अली खान व प्रसन्न चौधरी, इकरा हसन और अन्य रालोद नेता। - फोटो : SHAMLI
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

ऊन। राष्ट्रीय लोकदल के बैनर तले बृहस्पतिवार को ऊन चीनी मिल पर धरना-प्रदर्शन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में किसान पहुंचे। रालोद विधायकों ने मिल अफसरों को बकाया गन्ना मूल्य भुगतान न करने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी। उन्होंने जिला गन्ना अधिकारी व मिल अफसरों को जबरन धरने पर बैठा लिया। इस पर जिला गन्ना अधिकारी ने चार सितंबर तक 25 करोड़ तथा 31 अक्टूबर से पहले समस्त गन्ना मूल्य भुगतान का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया।
धरनास्थल पर रालोद विधायक प्रसन्न चौधरी ने कहा कि सरकार किसानों का गन्ना मूल्य भुगतान कराने के प्रति गंभीर नहीं है। वे इस संबंध में विधानसभा में भी गन्ना मंत्री से भी मिले थे परंतु भुगतान नहीं हुआ। उन्होंने चेताया कि यदि मिल प्रशासन बकाया गन्ना मूल्य भुगतान नहीं करता तो रालोद बड़े आंदोलन के लिए तैयार है। सरकार ने 14 दिन में गन्ना मूल्य भुगतान कराने का वादा किया था। जिससे वह मुकर गई है।
विज्ञापन

विधायक प्रसन्न चौधरी ने कहा कि गन्ना मंत्री जब विधायक थे तब 450 रुपये प्रति क्विंटल का भाव देने की मांग करते थे लेकिन अब न भाव मिला न भुगतान। सरकार किसान को जाति व धर्म के आधार पर बांटकर राज करना चाहती है। रालोद भाईचारा कायम कर किसानों को संगठित करके भुगतान कराएगा। सरकार ने युवा व किसानों के साथ विश्वासघात किया है। एक ओर महिला अस्मिता की बात की जाती है, वहीं बिल्किस बानो से दुष्कर्म करने वालों को छोड़ दिया गया।
वहीं, विधायक अशरफ अली खान ने कहा कि सरकार किसानों का शोषण कर रही है। वहीं, हिंदू-मुस्लिम के बीच खाई पैदा कर रही है। गन्ना मंत्री ने भुगतान का आश्वासन दिया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। दूसरी तरफ क्षेत्र में किसानों के विद्युत कनेक्शन काटे जा रहे हैं। डीजल, पेट्रोल एवं गैस सिलिंडर के दाम बेतहाशा बढ़े हैं। किसानों को सरकार ने कोई राहत नहीं दी है। जबकि 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था। उन्होंने मिल प्रशासन को चेताया कि शीघ्र गन्ना मूल्य भुगतान किया जाए अन्यथा बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
धरने पर कैराना विधायक नाहिद हसन की बहन इकरा हसन भी पहुंचीं। यहां जिला गन्ना अधिकारी विजय बहादुर, मिल के यूनिट हेड अवनीश कुमार, वरिष्ठ गन्ना महाप्रबंधक डॉ. कुलदीप पिलानिया किसानों के बीच पहुंचे और वार्ता की। जिसमें चार सितंबर तक 25 करोड़ रुपये तथा 31 अक्टूबर तक संपूर्ण गन्ना मूल्य भुगतान करने का आश्वासन दिया। जिस पर सहमति बनने पर धरना-प्रदर्शन समाप्त किया गया। धरने का संचालन निवर्तमान जिलाध्यक्ष मुकेश सैनी और शौकिंद्र सिंह ने की। मुख्य रूप से हरेंद्र वर्मा, सनोज, मोनू, योगेंद्र आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन

बजाज शुगर मिल पर अनिश्चितकालीन धरना जारी
थानाभवन। बजाज चीनी पर बकाया गन्ना मूल्य भुगतान को लेकर किसान मजदूर संगठन के जिलाध्यक्ष सुरेश पुंडीर के नेतृत्व में धरना चौथे दिन भी जारी रहा। शुगर मिल ने बृहस्पतिवार को 13 करोड़ रुपये का 31 जनवरी तक का भुगतान कर दिया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरण सिंह ने बताया कि शुक्रवार को धरनास्थल पर किसानों की पंचायत होगी। इसमें भावी रणनीति के बारे में पंचायत में सर्वसम्मति से फैसला लिया जाएगा। किसान पंचायत को सफल बनाने के लिए गांव-गांव में प्रचार किया जा रहा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें