कैराना में खुलेगी महिला रिपोर्टिंग चौकी
शामली। शासन के निर्देश पर हर जिले में महिला रिपोर्टिंग चौकी खोलने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत शामली जनपद में कैराना कोतवाली पहुंचकर महिला रिपोर्टिंग चौकी की स्थापना की जाएगी। एसपी ने इसकी रिपोर्टिंग चौकी के लिए कैराना कोतवाली पहुंचकर जायजा लिया। इसका उद्घाटन अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आठ मार्च को किया जाएगा।
शनिवार को एसपी सुकीर्ति माधव कैराना कोतवाली पहुंचे। उन्होंने महिला रिपोर्टिंग चौकी के लिए कोतवाली में स्थान का चयन किया और कोतवाली प्रभारी को तैयारी शुरू करने के निर्देश दिए। एसपी ने बताया कि शासन के निर्देश पर फिलहाल कैराना में महिला रिपोर्टिंग चौकी की स्थापना की जाएगी। जिला मुख्यालय पर शामली में महिला थाना पहले से है। कैराना बड़ा क्षेत्र है और वहां पर अक्सर महिला संबंधी शिकायतें ज्यादा रहती है। ऐसे में कैराना में रिपोर्टिंग चौकी होने से महिलाओं संबंधी अपराधों पर त्वरित कार्रवाई हो सकेगी। एसपी ने बताया कि आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर रिपोर्टिंग चौकी का उद्घाटन किया जाएगा। चौकी पर मानक के अनुसार महिला उप निरीक्षक समेत स्टाफ की तैनाती की जाएगी।
सड़क किनारे खेत में पलटी कार
कैराना। शनिवार दोपहर को कांधला की तरफ से आ रही कार ऊंचा गांव के निकट सड़क किनारे गेहूं के खेत में पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार तेज गति से होने के कारण चालक का संतुलन बिगड़ गया था। कार में तीन युवक थे। तीनों सुरक्षित बच गए और कार से निकलकर मौके से चले गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार को खेत से निकलवाकर कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना में कार क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस कार के नंबर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।