शहर के बड़े बाजार में चूडि़यां व श्रंगार का सामान देखती महिला। संवाद
शामली। हरतालिका तीज सोमवार को मनाई जाएगी। पर्व से एक दिन पहले रविवार को शहर के बाजारों में महिलाओं की भीड़ रही। कबाड़ी बाजार, नया बाजार, बड़ा बाजार और नेहरू मार्केट में महिलाओं ने चूड़ी, बिंदी, मेहंदी, आभूषण और साड़ियों की खरीदारी की। कई महिलाओं ने हाथों पर मेहंदी लगवाई, जबकि ब्यूटी पार्लरों में फेशियल, हेयर स्टाइल और मेकअप के लिए भीड़ जुटी रही।
चूड़ी और शृंगार की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ रही। हरे रंग की चूड़ियों, बिंदी, झुमके, पायल और मंगलसूत्र की मांग रही। दुकानदार राहुल व करतार ने बताया कि पर्व के कारण रविवार को सामान्य दिनों की अपेक्षा ग्राहकों की आवाजाही अधिक रही। चूड़ी विक्रेता रमेश कुमार ने बताया कि तीज के लिए महिलाओं ने हरे रंग की चूड़ियों के साथ नई डिजाइन के आभूषण और शृंगार सामग्री खरीदी। मांग को देखते हुए दुकानों पर पहले से ही नई वैरायटी मंगाई गई थी।
ब्यूटी पार्लर संचालिका मीनाक्षी ने बताया कि रविवार को महिलाओं ने मेहंदी, फेशियल, हेयर स्टाइल और मेकअप कराया। कई महिलाओं ने समय की उपलब्धता के लिए पहले ही बुकिंग करा ली थी। जिस कारण पार्लरों में काफी व्यस्तता रही।
गांव कुरमाली निवासी पूजा ने बताया कि तीज पर हरे रंग की चूड़ियां और मेहंदी लगाना खास पसंद है। उन्होंने रविवार को बाजार पहुंचकर खरीदारी की और हाथों पर मेहंदी लगवाई। गांव काबड़ौत निवासी रीना ने बताया कि तीज के लिए उन्होंने चूड़ी, बिंदी और आभूषण खरीदे। साथ ही ब्यूटी पार्लर में फेशियल और मेकअप के लिए समय बुक कराया था।
पंडित तपेश्वर दत्त शर्मा ने बताया कि भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया को हरतालिका तीज मनाई जाती है। सुहागिन महिलाएं भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा कर पति की लंबी आयु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। सोमवार को महिलाएं व्रत रखकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगी।