महिला की हत्या का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
बाबरी। गांव के जंगल में महिला की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने गांव के दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
गांव बुटराड़ा निवासी 47 वर्षीय सुनीता 27 जुलाई को लापता हो गई थी। तीन दिन बाद 30 जुलाई की रात को उसका शव गांव के जंगल से बरामद हुआ था। सुनीता के पुत्र बिजेंद्र ने गांव के दो लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मंगलवार को पुलिस ने हत्या के आरोपी प्रमोद और आनंद को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सुनीता के पति की कई साल पहले मृत्यु हो चुकी है। प्रमोद व आनंद का मृतका के घर पर आना जाना था। महिला प्रमोद से अपने बेटे के लिए जमीन जायदाद देने की मांग करती थी। आनंद से भी वह खर्चे के लिए पैसे मांगती थी। दोनों आरोपी महिला से पीछा छुड़ाना चाहते थे। इसके चलते उसकी हत्या की साजिश रची। 27 जुलाई को किसी बहाने से उसे बुलाया और गांव के जंगल में ले जाकर मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी थी।
गैस सिलिंडर चोरी करने के दो आरोपी गिरफ्तार
झिंझाना। गांव सूबरी निवासी रमेश ने गैस सिलिंडर चोरी होने की शिकायत पुलिस से की थी। इस मामले में पुलिस ने गांव काला माजरा निवासी मंदीप व बिडौली सादान निवासी बलजिन्द्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से चोरी का सिलिंडर बरामद कर लिया।