बाबरी (शामली) क्षेत्र के हिरनवाड़ा में एक साथ जन्मे तीन नवजात शिशु।
- फोटो : SHAMLI
शामली। सीएचसी शामली में महिला ने तीन बच्चों को जन्म दिया है। तीनों बच्चे सामान्य प्रसव से जन्मे हैं। जच्चा और बच्चे पूरी तरह स्वस्थ हैं, उन्हें अस्पताल से छुट्टी भी दे दी गई है।
बाबरी क्षेत्र के गांव हिरनवाड़ा निवासी पूनम को प्रसव पीड़ा होने पर बुधवार को परिजन सीएचसी लेकर पहुंचे थे। शाम को महिला को प्रसव पीड़ा शुरू हुई। सीएचसी चिकित्साधीक्षक डॉ. रमेश चंद्रा ने बताया कि बुधवार रात करीब नौ बजे सामान्य प्रसव से पहले बच्चे का जन्म हुआ। दूसरे बच्चे ने सवा नौ बजे और तीसरे बच्चे ने करीब साढ़े नौ बजे जन्म लिया। तीनों बच्चों को वजन क्रमश: 2.70, 1.82, 2.23 किलो होना बताया गया है। तीन बच्चों के होने पर परिजनों में खुशी छा गई। परिजनों ने बताया कि कई माह पहले ही अल्ट्रासाउंड की जांच में गर्भ में तीन बच्चे होने का पता चल गया था। ऐसे में वे डिलीवरी को लेकर चिंतित थे। उन्हें यह डर था कि कहीं आपरेशन न हो जाए, लेकिन सामान्य प्रसव से तीनों बच्चे होने से उन्हें बहुत खुशी है।
पति अमरीश ने बताया कि उनके पहले पहले एक बेटी है जो आगामी फरवरी माह में दो साल की होगी। चिकित्साधीक्षक ने बताया कि तीनों बच्चे और जच्चा स्वस्थ है। सामान्यता 2.5 किलो वजन सामान्य होता है। इनमें दो बच्चों का वजन सामान्य से कम है, लेकिन इसमें कोई परेशानी नहीं है। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह जच्चा और तीनों बच्चों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।