लांक (शामली)। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव लांक में बुधवार रात महिला ज्योति (21) की मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने और पति पर जहर खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया। परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर हंगामा भी किया। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली।
पंजाब के जिला लुधियाना के खन्ना निवासी सीमा देवी ने बताया कि उसने पुत्री ज्योति की शादी करीब दो वर्ष पहले विजय निवासी गांव लांक के साथ की थी। शादी के बाद ज्योति के 11 माह का बेटा है। आरोप है कि पति बात-बात में झगड़ा कर ज्योति की पिटाई करता था और दहेज लाने का दबाव बनाने लगा था। पीड़िता का आरोप है कि कई बार आरोपी को समझाया गया, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया और उसकी बेटी की कई बार जान से मारने की कोशिश की।
पीड़िता का आरोप है कि बुधवार देर शाम को आरोपी विजय ने ज्योति की पिटाई की और इसके बाद जबरन जहर खिलाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गया। सीमा ने बताया कि इस मामले की उन्हें रात में जानकारी मिली। बृहस्पतिवार सुबह परिजन शहर कोतवाली पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। कोतवाली प्रभारी ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ दहेज के लिए हत्या करने की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के सही कारण का पता चल सकेगा।
घर में ज्योति को बंधक की तरह रखता था आरोपी
मृतका ज्योति के नाना अतर सिंह ने बताया कि ज्योति को विजय घर में बंधक की तरह रखता था। ज्योति को कहीं पर आने-जाने नहीं देता था और न ही किसी से मिलने देता था। उसे बाजार में भी नहीं जाने देता था और न ही रिश्तेदारी में भेजता था। अतर सिंह का आरोप है कि दहेज की खातिर ज्योति का शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा था और अब जहर खिलाकर हत्या कर दी।
शव को पंजाब ले गए परिजन
अतर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद वे ज्योति के शव को पंजाब के खन्ना स्थित घर ले गए। उनके 11 माह के बेटे को भी वे साथ लेकर जा रहे हैं। बताया कि बेटा ही मां की चिता को मुखाग्नि देगा। खन्ना में ही शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
शामली के गांव लांक में ज्योति का फाइल फोटो। स्रोत परिजन