शामली। आदर्श मंडी थानाक्षेत्र के गांव मुंडेट में महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने महिला को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में पति को गिरफ्तार किया है।
थानाभवन क्षेत्र के गांव मनट मंटी निवासी संजय उर्फ संजू ने बृहस्पतिवार शाम को आदर्श मंडी थाने में तहरीर देकर बताया कि उसकी बहन मीनाक्षी की शादी करीब 10 साल पहले गांव मुंडेट निवासी बिजेंद्र के साथ हुई थी। आरोप है कि मीनाक्षी को उसका पति आए दिन मारपीट कर परेशान कर रहा था। बृहस्पतिवार को इसी के चलते उसने आत्महत्या करने के लिए जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
आदर्श मंडी थाना प्रभारी संदीप बालियान ने बताया कि महिला ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी। मृतका के भाई की तहरीर पर महिला के पति के विरुद्ध आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज की गई। शुक्रवार को आरोपी पति बिजेंद्र को मुंडेट नहर पुल के निकट से सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया गया है।
--
बस से टकराकर मकान का छज्जा क्षतिग्रस्त
शामली। झिंझाना की तरफ से एक बस शुक्रवार को करीब 60 श्रमिकों को लेकर बहराइच जा रही थी। शहर में बुढ़ाना रोड पर एक मकान के छज्जे से बस के टकराने पर छज्जा क्षतिग्रस्त हो गया। मकान मालिक की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बस को कब्जे में लेकर कोतवाली ले गई। पुलिस ने दूसरे वाहन से श्रमिकों को भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मकान मालिक और बस चालक के बीच समझौते की बात चल रही है। इस मामले में अभी कोई कार्रवाई नहीं हुई है।