पुलिस पर तहरीर देने के बावजूद कार्रवाई नहीं करने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
गढ़ीपुख्ता। गांव ताना में निर्माण कार्य को लेकर हुए विवाद में एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता मुनेश पत्नी जसबीर सिंह ने थाना गढ़ी पुख्ता में तहरीर देकर आरोप लगाया कि जब वह अपने मकान का निर्माण कार्य करवा रही थीं। उसी दौरान गांव के ही कुछ लोगों ने निर्माण रुकवाने की नीयत से विवाद खड़ा कर दिया और मारपीट की। पुलिस पर तहरीर देने के बावजूद कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया।
पीड़िता के अनुसार जब वह अपने पति जसबीर सिंह के साथ निर्माण कार्य पर मौजूद थीं, तभी पड़ोस में रहने वाले सतबीर, अनिल, गुड्डी, हिमांशु व सुमित ने आकर निर्माण स्थल पर ईंटें तोड़नी शुरू कर दीं। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए पीड़िता व उसके पति के साथ मारपीट की। आरोप है कि पीड़िता के कपड़े तक फाड़ दिए गए और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पीड़िता का कहना है कि इस घटना के बाद से उसका परिवार दहशत में है और उसे व उसके परिवार को अपनी जान का खतरा बना हुआ है। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उचित कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में गढ़ीपुख्ता पुलिस का कहना है पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर आई हैं। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।