शामली में कैराना रोड पर ट्रिपल राइडिंग करते युवक । संवाद
शामली। नवंबर यातायात माह बीत गया। विभाग पूरे महीने जागरुकता कार्यक्रम करने के दावे कर रहा है, लेकिन इसका असर कहीं नजर नहीं आ रहा है। शहर में चौराहों पर दुपहिया वाहनों पर बिना हेलमेट के तीन सवारी व बिना सीट बेल्ट के चार पहिया वाहन खूब फर्राटा भर रहे हैं। यहां तैनात पुलिसकर्मी भी इन्हें रोकने तक मुनासिब नहीं समझ रहे हैं।
अजंता चौक : समय दोपहर 12 बजे
अजंता चौक पर पुलिसकर्मी और यातायात कर्मी तैनात थे। उसी समय बुढ़ाना मार्ग की तरफ से आई बाइक पर तीन सवारी थी। बाइक चलाने वाले युवक ने हेलमेट तक नहीं लगाया था। वह पुलिस के सामने से होता हुआ दिल्ली रोड की तरफ चला गया।
विजय चौक : समय दोपहर 12.15 बजे
फव्वारा चौक की तरफ से अलग-अलग दो बाइकों पर तीन सवारी आई और विजय चौक होते हुए कैराना रोड की तरफ चली गई। इस चौराहे पर भी यातायात पुलिसकर्मियों ने इन्हें टोकना तक उचित नहीं समझा। दोनों बाइक पर किसी ने हेलमेट तक नहीं लगाया हुआ था।
झिंझाना रोड समय दोपहर 12.30 बजे
विजय चौक से होते हुए झिंझाना की तरफ से जा रही बाइक पर तीन सवारी थी। बाइक चालक ने हेलमेट नहीं लगाया था। उन्हें यातायात नियमों के बारे में बताने वाला भी कोई नहीं रहा।
तीन हजार चालान, दो लाख रुपये जुर्माना
जिला यातायात प्रभारी प्रवेश कुमार ने बताया कि नवंबर यातायात माह में स्कूल, कॉलेजों व अन्य स्थानों पर जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। लोगों को यातायात नियमों की जानकारी देकर उनका पालन करने की शपथ दिलाई गई। इसके अलावा लगभग तीन हजार वाहनों के चालान किए गए, जिन पर करीब दो लाख रुपये जुर्माना लगाया गया है। कोहरे में हादसों को रोकने के लिए वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाए गए हैं। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान आदि की कार्रवाई लगातार की जा रही है।