शामली। शामली ब्लाक में हुए चुनाव में वोट डालने के लिए लोगों में खास उत्साह नहीं दिखाई दिया। घने कोहरे के बीच सुबह 10 बजे तक तो पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की भीड़ दिखी, लेकिन दोपहर होते-होते पोलिंग स्टेशन खाली पड़े रहे।
शनिवार को तीसरे चरण में शामली ब्लाक के ग्राम प्रधान व पंचायत सदस्यों के लिए चुनाव हुआ। सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा और ठंड बढ़ गई। इसके बावजूद मतदाताओं की भीड़ पोलिंग स्टेशन पर पहुंची, लेकिन सुबह दस बजे से पहले तक ही यह भीड़ दिखाई दी। इसके बाद अधिकतर पोलिंग स्टेशन खाली होते चले गए और वहां इक्का-दुक्का वोटर ही पहुंचा।
गांव खेड़ीकरमू के प्राथमिक विद्यालय नंबर दो, लिलौन के नगर पंचायत संसाधन क्षेत्र, प्राथमिक विद्यालय नंबर एक, लिसाढ़ के जनता इंटर कालेज, प्राथमिक विद्यालय, बलवा के जूनियर हाई स्कूल, काबड़ौत के प्राथमिक विद्यालय नंबर दो व नंबर एक आदि पोलिंग स्टेशनों पर सुबह सात बजे से मतदाताओं की भीड़ लग गई थी।
इस दौरान कई केंद्रों पर भीड़ को संभालने के लिए पुलिस को हल्का बल भी प्रयोग करना पड़ा, हालांकि मतदाताओं की भीड़ अधिक समय तक नहीं रह सकी। सुबह दस बजते-बजते मतदाताओं की भीड़ भी गायब होने लगी और दोपहर तक सभी पोलिंग बूथ खाली हो गए।
गांव काबड़ौत के प्राथमिक विद्यालय नंबर दो में एक प्रत्याशी का एजेंट महिला मतदाताओं के साथ अंदर पहुंचा और उनके हाथों से बैलेट पेपर लेकर ठप्पेबाजी कर दी। इसके अलावा बलवा के जूनियर हाईस्कूल के बूथ नंबर 13 व 14 पर भी ठप्पेबाजी हुई, जिस पर हंगामा हुआ। बाद में पुलिस ने मामला शांत कराया।