बाबरी के गांव कैडी में मृतक सिपाही के गमजदा परिजन।
- फोटो : SHAMLI
राजकीय सम्मान के साथ हुआ सिपाही का अंतिम संस्कार
बाबरी (शामली) मोदीनगर में सड़क हादसे में मारे गए गांव कैड़ी निवासी सिपाही अमित का शव गांव में लाए जाने पर कोहराम मच गया। गमगीन माहौल में राजकीय सम्मान के साथ सिपाही के शव का अंतिम संस्कार किया गया।
थाना बाबरी के गांव कैड़ी निवासी अमित पुत्र वीरेंद्र की मोदीनगर में ट्रैफिक पुलिस में ड्यूटी थी। परिजनों ने बताया कि ड्यूटी के दौरान रोडवेज की अनियंत्रित बस ने अमित को टक्कर मार दी। दुर्घटना में अमित की मौके पर ही मौत हो गई। वह 2011 में पुलिस में भर्ती हुए थे। उसकी तैनाती गाजियाबाद के मोदीनगर ट्रैफिक पुलिस में थी। पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार गाजियाबाद पुलिस गार्द सिपाही अमित के शव को लेकर उसके पैतृक गांव कैड़ी पहुंची।
शव के गांव में पहुंचते ही अंतिम दर्शनों के लिए लोगों का तांता लग गया। अमित की शादी नौ फरवरी 2019 को पूजा से हुई थी। पूजा नोएडा पुलिस में कांस्टेबल हैं और उनका एक साल का बेटा भी है। पूजा तथा मृतक की मां रामकेश रो-रोकर बेहोश हो गईं। गांव स्थित श्मशान घाट में राजकीय सम्मान के साथ अमित के शव का अंतिम संस्कार किया गया। छोटे भाई विकास कुमार ने चिता को मुखाग्नि दी। पूर्व विधायक अब्दुल राव वारिस ने श्मशान घाट पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी।