शामली। कैराना लोकसभा सीट उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया बृहस्पतिवार से प्रारंभ हो जाएगी। इसके लिए प्रशासन ने तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। कलक्ट्रेट परिसर में भीड़ को रोकने के लिए प्रशासन ने बेरिकेडिंग करा दी है। उधर, अभी तक किसी भी दल की ओर से प्रत्याशियों की घोषणा नहीं होने से जिले में राजनीतिक सरगर्मियां कम है। अधिकतर दलों के दावेदारों ने अपने आकाओं के यहां दस्तक दिए हुए हैं। प्रत्याशियों के घोषणा होने के बाद ही नामांकन प्रक्रिया में तेजी आएगी।
कैराना लोकसभा उपचुनाव के मद्देनजर नामांकन प्रक्रिया तीन मई से प्रारंभ होने के बाद 10 मई तक चलेगी। कलक्ट्रेट परिसर में जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय को नामांकन कक्ष बनाया गया है। वहीं, जिला निर्वाचन अधिकारी इंद्र विक्रम सिंह के निर्देश पर बुधवार को ही कलक्ट्रेट परिसर में बेरिकेडिंग करा दी गई। कलक्ट्रेट के मुख्य गेट से लेकर भीतर तक सड़क के दोनों ओर बेरिकेडिंग कराई गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि नामांकन पत्र जमा कराने वाले के साथ प्रस्ताव सहित चार अन्य लोग ही नामांकन कक्ष में दाखिल हो सकेंगे। नामांकन पत्र जमा कराने के लिए एसडीएम शामली सुरजीत सिंह को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त कर दिया गया है।
पुलिस सुरक्षा के रहेंगे कड़े इंतजाम
नामांकन प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा के लिहाज से कलक्ट्रेट गेट पर बृहस्पतिवार सुबह से पुलिस तैनात कर दी जाएगी। इसके अलावा कलक्ट्रेट परिसर में वाहनों की आवाजाही भी बंद रखी जाएगी। अपर जिलाधिकारी केबी सिंह ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान आचार संहिता के पालन का विशेष ध्यान रखा जाएगा। यदि कोई व्यक्ति चुनाव आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करेगा, तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।