शामली। किसी भी व्यापारी संगठनों ने भारत बंद का एलान नहीं किया है। जिंदगी मंगलवार को भी रोजमर्रा की तरह चलती रहेगी। स्कूल कालेज भी प्रतिदिन की तरह खुलेंगे। इसके अलावा बाजार, पेट्रोल पंप, मेडिकल स्टोर भ्ाा खुले रहेंगे। रोजमर्रा की तरह रोडवेज बसें भी चलेंगी। पुलिस कप्तान ने पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद कर दिया है। एसपी ने कहा कि शरारती तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
एससी-एसटी एक्ट को पूर्व की भांति मजबूत बनाए रखने के लिए विभिन्न संगठनों के आह्वान पर दो अप्रैल को भारत बंद किया गया था। इस दौरान पूरे देश में जगह-जगह प्रदर्शन और हिंसा हुई थी। शामली में पुलिस-प्रशासन की चौकसी के कारण कोई अप्रिय घटना घटित नहीं हुई थी।
खुफिया विभाग की रिपोर्ट है कि मंगलवार को भारत बंद के नाम पर कुछ लोग जिले का माहौल बिगाड़ सकते हैं। सोमवार को एसपी देवरंजन वर्मा ने इसके लिए विशेष रणनीति तैयार की है। उन्होंने इस संबंध में थानावार करीब एक दर्जन टीमें बनाकर बनाकर क्षेत्र में मूवमेंट कराने के आदेश दिए हैं। चेतावनी दी कि मंगलवार की सुबह सभी थानों में घंटा ड्रिल के बाद सभी फोर्स गश्त में निकल जाएगी। डायल-100 पुलिस भी क्षेत्र में भ्रमणशील रहेगी। मंगलवार को पूरे जिले की फोर्स दफ्तर में ना बैठकर फील्ड में काम करेगी। पूरी फोर्स की मॉनिटरिंग स्वयं एसपी करेंगे।
इस संबंध में जिले के सभी सीओ तथा थानाध्यक्षों को कड़े निर्देश दिए गए है। उधर, एसपी ने कहा कि जिला पुलिस को अलर्ट किया गया है। मोबाइल वैन बनाई गई है। यदि कोई किसी प्रकार का माहौल बिगाड़ने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही भारत बंद के आह्वान के संबंध में व्हाट्सएप ग्रुप पर भ्रामक मेसेज भेजने या फिर वायरल करने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। इसके लिए एसपी ने निगरानी कमेटी बनाई है तो इस तरह के मेसेज वायरल करने वाले हैं उनके खिलाफ थानों में रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।