संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर की भूमि का मुआवजा बढ़ाने, बकाया गन्ना मूल्य भुगतान की मांग को लेकर भाकियू कार्यकर्ताओं का बेमियादी धरना चौथे दिन बृहस्पतिवार को भी जारी रहा। शाम पांच बजे के बाद एडीएम की अध्यक्षता में जिला प्रशासन और किसानों की वार्ता बेनतीजा रही। कलक्ट्रेट में आयोजित धरने पर भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने 13 सितंबर को कलक्ट्रेट के सामने पानीपत-खटीमा हाईवे जाम करने का एलान कर दिया है।
राकेश टिकैत ने धरने की कमान संभाली। उन्होंने कहा कि चार दिन के बाद भी जिले की चीनी मिलें किसानों को बकाया गन्ना मूल्य भुगतान को लेकर कोई ठोस आश्वासन नहीं दे रही हैं। भाकियू 13 सितंबर को कलक्ट्रेट के सामने जाम लगाएगी। जाम सुबह दस से शाम पांच बजे तक रहेगा। इसके बाद वह मुजफ्फरनगर के लिए रवाना हो गए। शाम पांच बजे के बाद 11 सदस्यीय समिति को वार्ता के लिए कलक्ट्रेट सभागार में बुलाया गया। एडीएम संतोष कुमार की अध्यक्षता में वार्ता हुई। संपूर्ण गन्ना मूल्य भुगतान के मुद्दे पर चीनी मिलों की ओर से संतोषजनक जवाब न दिए जाने पर वार्ता विफल हो गई। इस दौरान दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का मुआवजा बढ़ाने पर चर्चा नहीं हो सकी। यहां एडीएम संतोष कुमार, डीसीओ विजय बहादुर सिंह, एसडीएम विशु राजा आदि मौजूद रहे।
वहीं, धरने की अध्यक्षता कालूराम राठी ने की। यहां भाकियू के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मेनपाल गुर्जर, अब्बास प्रमुख, भाकियू मुजफ्फरनगर जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा, विनय कुमार, शोकेंद्र सिंह भैंसवाल, जिलाध्यक्ष कपिल खाटियान, ब्रह्मपाल नाला, विदेश मलिक, गय्यूर कैराना, तालिब चौधरी, राजन जावला, शांता प्रधान, योगेंद्र पंवार आदि मौजूद रहे। धरने पर भाकियू कार्यकर्ताओं की भोजन की व्यवस्था करोड़ी के प्रधान और राठी खाप के थांबेदार श्रीपाल राठी की ओर से की गई।
मिलों के अफसरों के साथ बैठक में नहीं निकला हल
बकाया गन्ना मूल्य भुगतान के मुद्दे पर कलक्ट्रेट सभाकक्ष में एडीएम संतोष कुमार ने चीनी मिलों के अफसरों के साथ वार्ता की। यहां चार घंटे बाद भी मिल अफसर पिछले पेराई सत्र का संपूर्ण भुगतान को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। किसानों ने नए पेराई सत्र से पहले संपूर्ण गन्ना मूल्य भुगतान के चेक की मिल के अफसरों से मांग की। जिस पर मिल के अफसर तैयार नहीं हुए। एडीएम की ओर से बुलाई गई बैठक में डीसीओ विजय बहादुर सिंह, एसडीएम सदर विशु राजा, सीओ जितेंद्र कुमार, शामली चीनी मिल के यूनिट हेड प्रदीप सल्लार समेत सभी मिल के जीएम केन मौजूद रहे।
शामली कलक्ट्रेट में धरने पर आपस में चर्चा करते किसान।- फोटो : SHAMLI
शामली कलक्ट्रेट में धरने पर किसानों के साथ बैठे भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत।- फोटो : SHAMLI
शामली कलक्ट्रेट में धरने पर किसानों को संबोधित करते किसान नेता शांता प्रधान।- फोटो : SHAMLI